प्लास्टिक से जंगल भी महफूज नहीं, बच्चों को किया जागरूक
सूर्या संदेश,समाचार
श्यामपुर/लालढांग।प्लास्टिक से जंगल भी महफूज नहीं हैं। सिंगल यूज प्लास्टिक और पॉलीथिन से पर्यावरण के साथ वन्यजीवों को होने वाले नुकसान को लेकर सोमवार को मंगोलपुरा में स्कूली बच्चों को जागरूक किया गया।

राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय के संयुक्त परिसर में राजाजी टाइगर रिजर्व की रवासन यूनिट की ओर से जागरूकता अभियान चलाया गया।
वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बच्चों को प्लास्टिक कचरे से मिट्टी, पानी और वन्यजीवों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल कम करने पर जोर दिया।
अभियान में छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों से स्वयं प्लास्टिक से दूरी बनाने के साथ आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।

