रोशनी के बीच अंधेरे में श्यामपुर का यह इलाका, 600 मीटर की दूरी कब होगी रोशन?

0
IMG-20260824-WA0003

श्यामपुर।श्यामपुर में मुख्य मार्गों पर प्रकाश व्यवस्था का विस्तार हो रहा है, लेकिन महाराणा प्रताप चौक (पीठ बाजार) से नाले का पुल पार करते ही करीब 600 मीटर का हिस्सा अब भी रात के अंधेरे में डूब जाता है। इसी क्षेत्र में श्यामपुर की बड़ी आबादी रहती है। ऐसे में लोगों के बीच सवाल उठ रहा है कि जब आसपास के मार्ग रोशन हो रहे हैं तो सबसे अधिक आवाजाही और आबादी वाले इस हिस्से को प्रकाश व्यवस्था से कब जोड़ा जाएगा।

पुरानी हरिद्वारी सड़क पर कांगड़ी से बाहरपीली तक करीब चार किलोमीटर क्षेत्र में चौक-चौराहों समेत प्रकाश व्यवस्था की जा चुकी है। वहीं महाराणा प्रताप चौक से अपर मार्केट होते हुए आदर्श इंटर कॉलेज तक भी प्रकाश व्यवस्था का कार्य चल रहा है। इसके बावजूद नाले के पुल के आगे सड़क का करीब 600 मीटर हिस्सा रोशनी से अछूता है।

स्थानीय लोगों के अनुसार यह मार्ग श्यामपुर नमामि गंगे स्नान एवं श्मशान घाट, डिवाइन कॉलेज, संत रविदास मंदिर बस्ती और गंगा किनारे स्थित कई रिजॉर्टों को जोड़ता है। यहां स्थानीय लोगों के साथ बाहर से आने वाले लोगों की भी दिन-रात आवाजाही रहती है। रात में प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि वे लंबे समय से जनप्रतिनिधियों का ध्यान इस समस्या की ओर दिला रहे हैं। आसपास के हिस्सों में रोशनी की व्यवस्था होने के बावजूद इस चौराहे और इससे जुड़े मार्ग को अब तक नजरअंदाज किया जाना समझ से परे है।

लोगों ने मांग की कि श्यामपुर की आबादी और मार्ग की आवश्यकता को देखते हुए इस छूटे हुए हिस्से में भी जल्द प्रकाश व्यवस्था की जाए, ताकि रात के समय आवागमन सुरक्षित और सुगम हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *