विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल, एक्कड़ कलां के ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान
सूर्या संदेश, समाचार
हरिद्वार। भक्तनपुर आबिदपुर ग्राम पंचायत के एक्कड़ कलां पंचायत भवन में मंगलवार को ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर दिनभर आवाजाही बनी रही। कोई सरकारी योजना से जुड़ी समस्या लेकर पहुंचा तो किसी को विधिक सलाह की जरूरत थी। यहां विधिक सेवा प्राधिकरण की पहल पर लगाए गए शिविर में ग्रामीणों को अपनी समस्याएं रखने के साथ संबंधित विभागों से समाधान पाने का अवसर मिला। शिविर में करीब 119 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि अन्य प्रकरणों में संबंधित विभागों ने कार्रवाई शुरू की। खाद्य आपूर्ति विभाग ने करीब 20 लोगों के राशन कार्ड तैयार किए, जबकि स्वास्थ्य विभाग ने 49 लोगों की सामान्य स्वास्थ्य जांच की।
सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार सिमरनजीत कौर की अध्यक्षता में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता समाधान शिविर आयोजित किया गया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और विधिक प्रकृति के मामलों में आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित पक्षों को दिशा-निर्देश दिए। कई मामलों में संबंधित विभागों से जानकारी लेकर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। जिन प्रकरणों का समाधान शिविर में संभव था, उनमें आवश्यक कार्रवाई की गई, जबकि आगे की विभागीय प्रक्रिया वाले आवेदन संबंधित विभागों को भेजे गए।

खंड विकास अधिकारी बहादराबाद मानस मित्तल ने भी ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से कार्रवाई कराई। ग्राम पंचायत और समाज कल्याण विभाग से जुड़े मामलों पर भी संबंधित स्तर से कार्रवाई हुई।
अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर शिक्षा के अधिकार और विधिक जागरूकता पर भी जानकारी दी गई। लॉ इंटर्न शीवी ने ग्रामीणों को शिक्षा के अधिकार, शिक्षा के महत्व और उसके उद्देश्यों के बारे में बताया। वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन समेत विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।
कानूनी सहायता की जरूरत रखने वाले पात्र लोगों को निःशुल्क विधिक सहायता और सलाह उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। उप विधिक सहायता अधिवक्ता रमन कुमार सैनी ने सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया और नालसा हेल्पलाइन 15100 के बारे में बताया। पैनल अधिवक्ता उपेन्द्र दत्त शर्मा ने उपस्थित लोगों की विधिक समस्याओं पर सलाह दी।
लोगों को नालसा की शिक्षा संबंधी योजना, स्पृहा योजना, वीर परिवार सहायता योजना, डॉन योजना और संवाद योजना समेत अम्ल हमले के पीड़ितों तथा मानव तस्करी एवं वाणिज्यिक यौन शोषण के पीड़ितों के लिए उपलब्ध विधिक सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम में औषधि निरीक्षक मेघा और वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन अपनी-अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे। स्वास्थ्य, ग्राम पंचायत, राजस्व और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी व कर्मचारी भी अपनी टीमों के साथ शिविर में मौजूद रहे। ग्राम प्रधान एकता पटेल के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण और अधिकार मित्र भी शिविर में शामिल हुए।


