राज्य स्तरीय कुश्ती में हरिद्वार की दिव्याशी प्रथम
रोशनाबाद में मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी का शुभारंभ,अंडर-14 बालिका वर्ग के दो भार वर्गों में हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर की खिलाड़ियों ने हासिल किए स्थान
सूर्या संदेश
हरिद्वार। रोशनाबाद में शुरू हुई राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में हरिद्वार की दिव्याशी ने जिले के लिए पहला स्थान हासिल किया।

योगस्थली खेल परिसर में शुक्रवार को मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी खेल महाकुंभ 2026-27 के तहत आयोजित प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग के 39 किलोग्राम भार वर्ग में हरिद्वार की दिव्याशी प्रथम, जबकि ऊधमसिंह नगर की रन्ना द्वितीय रहीं।

46 किलोग्राम भार वर्ग में ऊधमसिंह नगर की शोमा प्रथम, इंशिका द्वितीय और सोनम तृतीय रहीं। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से खिलाड़ियों ने अंडर-14, अंडर-19 और अंडर-25 आयु वर्ग में प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का शुभारंभ महामंडलेश्वर रविन्द्रानन्द जी महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी प्रमोद चन्द्र पाण्डेय ने कहा कि खेल महाकुंभ खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच दे रहा है।

उद्घाटन समारोह में जिला क्रीड़ाधिकारी रविन्द्र भण्डारी, मुकेश कुमार भट्ट, पूनम मिश्रा, जितेन्द्र पण्डीर और अनुराग राठी सहित खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, खेल शिक्षक, निर्णायक मंडल और प्रशिक्षक मौजूद रहे।

