गणेश से हुआ श्यामपुर पीएचसी में स्वास्थ्य सेवा का श्रीगणेश
Oplus_131072
पहले दिन ही उमड़ी मरीजों की भीड़, दोपहर 12:30 बजे तक 19 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। गणेश चतुर्थी की खुशियों की यादें अभी ताजा ही थीं कि श्यामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज का पहला दिन आया। शनिवार सुबह करीब 9:15 बजे चिकित्सकों की टीम के सामने पहला मरीज पहुंचा। नाम पूछा गया तो जवाब मिला—गणेश। यानी श्यामपुर पीएचसी में इलाज का पहला कदम भी गणेश के नाम के साथ पड़ा। संयोग ऐसा कि श्यामपुर में स्वास्थ्य सेवा का श्रीगणेश भी गणेश से हुआ।

58 वर्षीय गणेश ने केंद्र पहुंचकर फिजिशियन डॉ. सत्य प्रकाश से स्वास्थ्य परीक्षण कराया और निशुल्क दवा ली। इसके बाद धीरे-धीरे दूसरे मरीज भी पहुंचने लगे। दोपहर करीब 12:30 बजे तक 19 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका था और उन्हें निशुल्क दवाएं दी गईं। पहले ही दिन मरीजों की मौजूदगी के बीच केंद्र में बेड की जरूरत भी महसूस हुई।

करीब तीन साल से तैयार भवन में शुक्रवार को स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे और पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने केंद्र का शुभारंभ किया था। शनिवार से ओपीडी शुरू होने के साथ ही श्यामपुर और आसपास के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर इलाज की सुविधा मिलनी शुरू हो गई। लंबे इंतजार के बाद केंद्र में ओपीडी शुरू होने से ग्रामीणों को अब स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
शनिवार को केंद्र में फिजिशियन डॉ. सत्य प्रकाश, गाइनेकोलॉजिस्ट डॉ. साधना शर्मा, सीएचओ अमीचंद रमोला और डोली जोशी, फार्मासिस्ट नंदनी चौहान, स्टाफ नर्स प्रियंका और एएनएम मोनिका जोशी मौजूद रहीं। पहले दिन ओपीडी शुरू होने के साथ केंद्र में स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित शुरुआत हो गई।

