21 लाभार्थियों के मकान पर 1 साल से नहीं पड़ी छत, तो दूसरी किस्त का इंतजार
बैंक की तकनीकी खामियों से अटकी जनमन आवास योजना की दूसरी किस्त, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। सरकारी आवास की उम्मीद में मकान बनना शुरू हुआ, लेकिन एक साल बीतने के बाद भी 21 लाभार्थियों के घरों पर छत नहीं पड़ सकी। बैंक से जुड़ी तकनीकी कमियों के चलते दूसरी किस्त अटकने से इन परिवारों के मकान अधूरे पड़े हैं।
शनिवार को अधिकारियों ने गांव पहुंचकर आवासों का निरीक्षण किया तो किस्त में देरी का मामला सामने आया।
संयुक्त निदेशक ग्रामीण विकास विभाग संजीव राय और खंड विकास अधिकारी बहादराबाद ने भारत सरकार की जनमन आवास योजना के लाभार्थियों के बनाए और अधूरे मकानों का निरीक्षण किया।

बताया गया कि बैंक संबंधी तकनीकी कमियों के कारण 21 लाभार्थियों को दूसरी किस्त नहीं मिल पाई है, जिससे करीब एक साल से निर्माण कार्य अधूरा है।
ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी ने बताया कि तकनीकी कमियों को दूर कराने के लिए लगातार पत्राचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनजाति के कुछ लोग तकनीकी कारणों से आवास योजना के लाभ से वंचित रह गए हैं। उनके मकान पूरी तरह जर्जर हैं और कभी भी गिर सकते हैं। ऐसे परिवारों को भी योजना का लाभ दिया जाना जरूरी है, ताकि किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
निरीक्षण के दौरान ग्राम विकास अधिकारी शैलेश कुमार भी मौजूद रहे।

