श्यामपुर क्षेत्र का मामला भी जनसुनवाई में पहुंचा, 68 शिकायतें आईं, 32 का मौके पर ही हल
सूर्या संदेश
हरिद्वार। श्यामपुर क्षेत्र का मामला भी जनसुनवाई में पहुंचा। सजनपुर पीली निवासी सूरज कुमार ने प्रार्थना पत्र देकर कहा कि खाता संख्या 00041 के खसरा नंबर 23 में दर्ज 0.0970 हेक्टेयर कृषि भूमि मौके पर कम दिखाई दे रही है। उन्होंने जमीन की पैमाइश कराने की मांग की।
जिला कार्यालय सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में हुई जनसुनवाई में 68 शिकायतें आईं। इनमें 32 का मौके पर ही हल किया गया, जबकि बाकी शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी गईं। लोगों ने जमीन और राजस्व विवाद के साथ अतिक्रमण, बिजली, जलभराव, पेयजल और राशन कार्ड से जुड़ी समस्याएं भी रखीं।
देवनगर के लोगों ने वार्ड 12 में मकान संख्या जे-1 से देवनगर मुख्य मार्ग तक करीब 250 मीटर लंबी सड़क की खराब हालत का मामला उठाया। उन्होंने सड़क बनवाने की मांग की। बंजारेवाला ग्रंट निवासी सुरजीत सिंह ने गंभीर रूप से बीमार पत्नी के इलाज के लिए आर्थिक मदद और मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता दिलाने की मांग रखी।
जैनपुर मुबारिकपुर, लक्सर निवासी आलम मीर ने राशन कार्ड बनवाने की मांग की। सीतापुर निवासी बृजानन्द शर्मा ने वोटर आईडी कार्ड अपडेट कराने और रुहेला ने बंद पड़ी वृद्धावस्था पेंशन फिर शुरू कराने की मांग रखी।
सुरेंद्र सैनी ने जिले में डेंगू और स्वाइन फ्लू के बढ़ते मरीजों का हवाला देते हुए इनकी रोकथाम के लिए जरूरी इंतजाम कराने की मांग की।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से शिकायतों को तय समय में हल करने को कहा। जिन मामलों में मौके पर जाकर जांच जरूरी है, उनमें अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें और लोगों की समस्या का समाधान कराएं। उन्होंने शिकायतों को लेकर लापरवाही नहीं करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में सीएम हेल्पलाइन की अटकी शिकायतों की भी जानकारी ली गई। 36 दिन से ज्यादा समय से अटकी शिकायतों को जल्द हल करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान एल-1 स्तर पर 290 और एल-2 स्तर पर 84 शिकायतें अटकी मिलीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को इन शिकायतों को भी जल्द हल करने के निर्देश दिए।

