दुल्हन बनकर आई, नशीला पदार्थ खिलाया और कर गई घर साफ

0
IMG-20260925-WA0009

शादी के बाद 70 हजार रुपये नकद और सामान लेकर फरार होने का आरोप, चार साथियों समेत पांच हिरासत में; दूसरे शिकार की तलाश

सूर्या संदेश
हरिद्वार!शादी के मंडप से घर की चौखट तक पहुंचते-पहुंचते कहीं कोई ठगी का जाल तो नहीं बिछा रहा? बहादराबाद का यह मामला इस सवाल को और गंभीर बना देता है। आरोप है कि दुल्हन बनकर आई महिला ने पति को नशीला पदार्थ खिलाया और 70 हजार रुपये नकद समेत घरेलू सामान लेकर फरार हो गई। शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने महिला समेत चार साथियों को हिरासत में ले लिया।


ग्राम दौलतपुर निवासी प्रवेश पुरी ने 24 सितंबर को बहादराबाद कोतवाली में शिकायत दी। बताया कि उनके भाई योगेश पुरी की शादी रुकमीना से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद रुकमीना ने योगेश को विश्वास में लेकर नशीला पदार्थ खिला दिया और उसके बेहोश होने पर नकदी व सामान लेकर चली गई।


पुलिस ने मामले की तफ्तीश करते हुए रुकमीना समेत पांच लोगों को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से 70 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन और नशीला पाउडर बरामद हुआ। वारदात में इस्तेमाल बोलेरो भी सीज की गई है।


हिरासत में लिए गए लोगों में रुकमीना (21) और अब्दुल बारी निवासी मिर्जापुर, रागिनी पाल व पुनीत कुमार निवासी शामली तथा फतेह सिंह मीना निवासी भरतपुर, राजस्थान शामिल हैं।


पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने शादी के नाम पर किसी और को भी निशाना बनाया है या नहीं। उनके संपर्कों और पिछली गतिविधियों की पड़ताल की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से शादी तय करने से पहले सामने वाले व्यक्ति और उसके परिवार की पूरी जानकारी जुटाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *