हैप्पी हत्याकांड का खुलासा, एक आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार
सूर्या संदेश
हरिद्वार। शांतरशाह में बाइक मिस्त्री हैप्पी की गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार देर रात बहादराबाद क्षेत्र में नहर पटरी पर तिरछा पुल के पास पुलिस की बाइक सवार दो युवकों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, रोकने की कोशिश पर दोनों ने फायरिंग कर दी। पीछा करने पर दोनों बाइक छोड़कर झाड़ियों में छिप गए और वहां से भी गोलियां चलाने लगे। जवाबी फायरिंग में एक युवक के पैर में गोली लगी, जिसे पुलिस ने दबोच लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान 20 वर्षीय मुदस्सिर पुत्र जमशेद निवासी दतौली रांगण, सहारनपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे, दो जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और काली स्पेलंडर बाइक बरामद हुई है। घायल मुदस्सिर को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। फरार आरोपी की धरपकड़ के लिए पुलिस की टीमें कड़ियां खंगाल रही हैं।
14 सितंबर को शांतरशाह में पतंजलि रोड स्थित देव धर्म कांटे के पास बाइक मरम्मत की दुकान में घुसकर हैप्पी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई कपिल की तहरीर पर बहादराबाद कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था। वारदात की सूचना मिलते ही एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर मौके पर पहुंचे थे और आरोपियों तक पहुंचने के लिए बहादराबाद पुलिस के साथ सीआईयू की टीमें लगाई गई थीं।
पुलिस की जांच में हत्या के पीछे हैप्पी और इस्तकार उर्फ इस्तयाक के बीच पुरानी रंजिश सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, वर्ष 2022 में इस्तकार के खिलाफ सहारनपुर के जनकपुरी थाने में एक युवती को भगाकर ले जाने का मुकदमा दर्ज हुआ था। उस मामले में गिरफ्तारी के बाद इस्तकार को शक था कि हैप्पी ने उसके बारे में पुलिस को सूचना दी थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच दुश्मनी की नींव पड़ी।
जेल से बाहर आने के बाद इस्तकार के नशे के कारोबार को लेकर भी हैप्पी से तनातनी बढ़ गई। पुलिस का दावा है कि हैप्पी उसे पुलिस से पकड़वाने की धमकी देता था और बाद में पैसों को लेकर भी दबाव बनाने लगा। इसी रंजिश के चलते इस्तकार ने साथियों के साथ हैप्पी को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर को घटनास्थल की रेकी की गई और 14 सितंबर को हैप्पी की हत्या कर दी गई।
मुठभेड़ में मुदस्सिर के घायल होने की सूचना पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर अस्पताल पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। अब पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के जरिए फरार साथी और हत्या में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
हैप्पी हत्याकांड का खुलासा करने वाली पुलिस टीम के लिए एसएसपी की ओर से 2500 रुपये और गढ़वाल रेंज के आईजी की ओर से 5000 रुपये इनाम की घोषणा की गई है।

