40 रुपये का पेट्रोल भरवाया, 200 का नोट दिया और 9500 रुपये लूटकर भागे

0
IMG_20260927_134932

Oplus_131072

सूर्या संदेश

भगवानपुर। पेट्रोल पंप पर 40 रुपये का पेट्रोल भरवाने पहुंचे दो युवकों ने कुछ ही देर में हजारों रुपये लूट लिए। 200 रुपये का नोट देकर 160 रुपये वापस लिए और मौका मिलते ही कर्मचारी के हाथ में रखे 9500 रुपये छीन लिए। पीछा करने पर तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और बाइक से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया तो सामने आया कि एक की उम्र 19 और दूसरे की 20 साल है।


पुलिस के मुताबिक घटना सिकंदरपुर स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम पंप की है। रुपये छीनने के बाद दोनों बाइक से भागे थे। पुलिस ने पंप और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और उनकी तलाश शुरू कर दी।


26 सितंबर की देर रात सिकंदरपुर-सिरचंदी मार्ग पर चेकिंग के दौरान बाइक सवार दो युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान वंश उर्फ कृष (19) पुत्र अशोक उर्फ नारायण, निवासी बहेड़ी गुर्जर, थाना गागलहेड़ी, सहारनपुर और अमित उर्फ प्रिन्स (20) पुत्र नाथीराम, निवासी साधारणसिर, थाना नागल, सहारनपुर के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार दोनों ने पेट्रोल पंप पर लूट की बात स्वीकार की।


पुलिस ने उनके पास से लूटी रकम में बचे 3000 रुपये, वारदात में इस्तेमाल बाइक और 315 बोर का देशी तमंचा बरामद किया है। पुलिस अब दोनों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।
भगवानपुर पुलिस ने घटना के संबंध में केस दर्ज किया है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *