पलभर की झपकी और डिवाइडर पर जा चढ़ी कार
Oplus_131072
सूर्या संदेश, समाचार
श्यामपुर/लालढांग ! सुबह का वक्त था, सड़क पर आवाजाही सामान्य थी और होटल पिनाका के पास सफर भी रोज की तरह चल रहा था। फिर अचानक सड़क किनारे डिवाइडर पर चढ़ी क्षतिग्रस्त कार ने लोगों का ध्यान खींच लिया। आखिर कुछ ही पल में ऐसा क्या हुआ कि कार सड़क छोड़कर डिवाइडर पर जा चढ़ी? हादसे की वजह सामने आई तो मामला महज एक पल की चूक का निकला। मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे चालक को नींद की झपकी आ गई और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
कार में पांच लोग सवार थे। हादसे में चालक की पत्नी विमला देवी के सिर में चोट आई। श्यामपुर पुलिस ने उन्हें 108 सेवा की मदद से अस्पताल पहुंचाया। अन्य लोग सुरक्षित बताए गए हैं। चालक जीवन सिंह ने बताया कि वह परिवार के साथ कोटद्वार से देहरादून लौट रहे थे।
हादसा यह सबक भी दे गया कि नींद और थकान के आगे वाहन की रफ्तार पर भरोसा करना जोखिम भरा हो सकता है। सुरक्षित सफर के लिए यातायात नियमों का पालन करने के साथ चालक का पूरी तरह सतर्क रहना भी जरूरी है।

