500 कैमरों ने खोला राज, 19 चोरी की बाइक के साथ दो गिरफ्तार

0
IMG-20260907-WA0146

सूर्या संदेश समाचार
झबरेड़ा। मास्क बदले, कपड़े बदले और हेयर स्टाइल तक बदल डाला… पहचान छिपाने की पूरी कोशिश थी, लेकिन 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की नजर से बच नहीं सके। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि झबरेड़ा पुलिस ने दो वाहन चोरी के आरोपियों को गिरफ्तार कर 19 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।


17 अगस्त को लाठदेवा शेख से मोटरसाइकिल चोरी की शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी। घटनास्थल और आने-जाने वाले संभावित रास्तों को खंगालते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं और मुखबिर तंत्र सक्रिय कर संदिग्धों की तलाश तेज कर दी। यहीं से जांच ने नया मोड़ लिया।


लगातार पड़ताल के बाद 6 सितंबर को फाजिलपुर चौराहे के पास चेकिंग के दौरान अरमान निवासी तेलीवाला, गंगनहर और मोनू निवासी बरेली, हाल निवासी गंगनहर को चोरी की बाइक के साथ दबोच लिया गया।


पूछताछ आगे बढ़ी तो मामला और गहराता गया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से 18 और मोटरसाइकिलें बरामद कीं। यानी एक कार्रवाई में चोरी की 19 बाइक पुलिस के हाथ लगीं।


पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में सक्रिय थे। बरामद बाइक में झबरेड़ा, हरिद्वार नगर, रुड़की और सहारनपुर क्षेत्र से चोरी के वाहन शामिल हैं। बाकी वाहनों की पड़ताल अभी जारी है, जिससे जांच में कुछ और कड़ियां जुड़ सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *