हरिद्वार में धामी कैबिनेट की बैठक, हरकी पैड़ी पर गंगा आरती के बाद पहुंचे सीएम
पीएम मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर धामी ने की दीर्घायु की कामना, मेला नियंत्रण भवन में मंत्रियों के साथ बैठक
सूर्या संदेश
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सोमवार को हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन सभागार में कैबिनेट की बैठक जारी है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने मंत्रियों के साथ हरकी पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना और आरती की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन के साथ देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सात अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में सरकार प्रमुख रहते हुए उनके 25 साल पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने देश की तरक्की, लोगों की खुशहाली और विकसित भारत का लक्ष्य पूरा होने की भी कामना की।
हरिद्वार में कैबिनेट की बैठक प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बैठकें करने की राज्य सरकार की पहल का हिस्सा है। इसका उद्देश्य स्थानीय जरूरतों और विकास से जुड़े मुद्दों पर संबंधित क्षेत्रों में ही चर्चा करना है। इससे पहले चार अक्टूबर को चम्पावत जिले के बनबसा में कैबिनेट की बैठक हुई थी, जिसमें राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए थे।

