बाहर पीली के पास हाईवे पर धमका गजराज, थमे वाहनों के पहिए
हाईवे पर वाहनों के बीच उग्र हुआ गजराज, काली कार पलटने का किया प्रयास
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग! हरिद्वार-नजीबाबाद हाईवे पर रविवार शाम गजराज को देखकर वाहनों के पहिए थम गए। हाईवे पर वाहनों की कतार और आसपास लोगों की भीड़ के बीच हाथी एक काली कार के पास पहुंच गया और जैसा की वीडियो में देखा जा सकता है कि वह अपनी सूंड से उसे उठाकर पलटने का प्रयास करने लगा। कार एक तरफ उठी और पलटते-पलटते बार-बार बाल-बाल बची तो आसपास मौजूद यात्रियों और लोगों की सांसें थम गईं। हाथी के लगातार प्रयास के बीच लोग शोर मचाने लगे। शोरगुल के बीच हाथी का ध्यान दूसरी ओर गया और वह तेजी से हाईवे पार कर गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सामने आया है।
घटना रविवार शाम करीब 5:30 बजे बाहर पीली से कुछ कदम आगे और पीली नदी से पहले की बताई जा रही है, हालांकि सूर्या संदेश वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है । हाथी को देखकर हाईवे पर वाहन रुक गए थे। सूचना मिलने पर वनकर्मी मौके पर पहुंचे। वनकर्मियों ने आपसी सहयोग से यातायात को नियंत्रित किया और गजराज को सुरक्षित निकलने का रास्ता दिया। हाथी के आगे बढ़ने के बाद हाईवे पर यातायात सामान्य हो गया।

वन्यजीव को हाईवे पर देखकर लोगों को घबराने या शोर मचाने के बजाय शांत रहना चाहिए। हाथी जैसे वन्यजीव अपने आने-जाने के पारंपरिक रास्तों से गुजरते हैं। ऐसे में वाहन चालक और राहगीर सुरक्षित दूरी बनाकर रास्ता खाली रखें और उसे बिना परेशान किए आगे बढ़ने दें। वन्यजीव की मौजूदगी की स्थिति में जरूरत पड़ने पर वन विभाग को सूचना देना भी बेहतर है।

