एनालॉग पनीर की शिकायतों पर हरिद्वार में खाद्य विभाग की सघन जांच, 6 नमूने लिए : 50 किलो बेसन नष्ट, 5 पर मुकदमा
सूर्या संदेश समाचार
हरिद्वार। एनालॉग पनीर की शिकायतों के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में सघन जांच अभियान चलाकर खाद्य कारोबारियों को साफ संदेश दिया है कि खाद्य गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
पनीर इकाइयों, डेयरी, होटल और खाद्य गोदामों की जांच के दौरान छह खाद्य पदार्थों के विधिक नमूने लिए गए, करीब 50 किलो खराब बेसन नष्ट कराया गया और पांच खाद्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ न्यायालय में वाद दायर किए गए।
जशोदरपुर और दुर्गागढ़ की पनीर इकाइयों की जांच में दुर्गागढ़ की इकाई स्थायी रूप से बंद मिली, जबकि जशोदरपुर में 27 अगस्त से उत्पादन बंद पाया गया। रहमतपुर-पिरान कलियर और तस्सीपुर, रुड़की से पनीर के नमूने लिए गए। सराय के खाद्य तेल गोदाम से सरसों तेल और वनस्पति के दो नमूने लिए गए। श्रवणनाथ नगर के होटल ध्रुव गंगा में बिना पंजीकरण किचन मिलने पर चालानी कार्रवाई की गई और ग्रेवी का नमूना लिया गया।
नगर निगम क्षेत्र में बिना पंजीकरण, अस्वच्छ परिस्थितियों और एक्सपायरी हो चुकी खाद्य सामग्री की बिक्री से जुड़े पांच मामलों में नोटिस का संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर न्यायालय में वाद दायर किए गए।
कार्रवाई में उपायुक्त गढ़वाल आर.एस. रावत, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन, कपिल देव और कैलाश टम्टा शामिल रहे। खाद्य गुणवत्ता और उपभोक्ता सुरक्षा को लेकर जांच का सिलसिला आगे भी जारी रहने के संकेत हैं।

