कांगड़ी फ्लाईओवर पर फिर हादसा, दो कारों की भिड़ंत में चार घायल
सूर्या संदेश समाचार
श्यामपुर/लालढांग। हरिद्वार-नजीबाबाद नेशनल हाईवे के कांगड़ी फ्लाईओवर पर लगातार हो रहे हादसों के बीच एक और दुर्घटना ने चिंता बढ़ा दी। गनीमत रही कि इस बार हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, चार लोग मामूली रूप से घायल हो गए, जिन्हें पुलिस ने 108 एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया।

गुरुवार को कांगड़ी फ्लाईओवर पर महिंद्रा टीयूवी और ऑल्टो के-10 की आमने-सामने भिड़ंत हुई। दुर्घटना दोपहर करीब 3:40 बजे हुई। टक्कर के बाद दोनों क्षतिग्रस्त वाहन फ्लाईओवर पर खड़े रहने से हाईवे पर लंबा जाम लग गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया। हादसे के बाद ऑल्टो चालक मौके से फरार हो गया।
श्यामपुर कोतवाली प्रभारी नितेश शर्मा ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों को सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
कांगड़ी फ्लाईओवर पर पिछले करीब छह माह में अलग-अलग दुर्घटनाओं में एक दर्जन से अधिक लोग जान गंवा चुके हैं और कई लोग घायल हुए हैं। इसके बावजूद यहां हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है।

