हरिद्वार में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच, सरसों के तेल और आइसक्रीम के नमूने लिए
भीमगोड़ा, कनखल और रेलवे रोड में चला अभियान, जरूरी कागज नहीं मिलने पर नोटिस; दो प्रतिष्ठानों के खिलाफ अदालत में मामले
सूर्या संदेश
हरिद्वार। शहर में खाने-पीने की चीजों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को कई प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। टीम ने भीमगोड़ा और कनखल से सरसों के तेल तथा रेलवे रोड से आइसक्रीम का नमूना लिया। जांच के दौरान जरूरी कागज नहीं मिलने पर एक प्रतिष्ठान को नोटिस भी जारी किया गया।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए गए अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा ने नई बस्ती भीमगोड़ा स्थित श्याम फ्लोर मिल की जांच की। यहां से सरसों के तेल का नमूना लिया गया। सिंहद्वार कनखल स्थित राधा कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी से भी सरसों के तेल का नमूना लिया गया।
रेलवे रोड पर हिमालय डिपो के पास सिद्धमति इंटरप्राइजेज एलएलपी (क्रीमी सिंह) की भी जांच की गई। यहां से आइसक्रीम का नमूना लिया गया। सभी नमूने जांच के लिए भेजे जाएंगे।
जांच के दौरान प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थ और पीने के पानी की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल से जुड़े कागज और कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र मांगे गए। जरूरी कागज उपलब्ध नहीं कराने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धारा 55 के तहत नोटिस जारी किया गया।
विभाग के अनुसार मिलावटी या संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री और भ्रामक विज्ञापन से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई की गई है। ज्वालापुर स्थित ब्लिंकिट स्टोर और हिसार, हरियाणा स्थित श्री राम बेवरेजेज के खिलाफ अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), हरिद्वार की अदालत में मामले दर्ज किए गए हैं।
इन मामलों में अधिकतम 10 लाख रुपये तक जुर्माने का प्रावधान है।

