हरिद्वार के 28 स्कूलों में सुरक्षित बचपन अभियान, 21,500 विद्यार्थियों को दी गई बाल अधिकारों की जानकारी
बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध और गुड टच-बैड टच के प्रति किया जागरूक; बच्चों को बताए निःशुल्क कानूनी सहायता और हेल्पलाइन नंबर
सूर्या संदेश,
हरिद्वार। बच्चों को शोषण और अपराध से बचाने तथा उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सुरक्षित बचपन अभियान के पांचवें दिन शुक्रवार को हरिद्वार जिले के 28 से अधिक विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुसार, इन कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 21,500 छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया।
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार की ओर से आयोजित इस अभियान में न्यायिक अधिकारियों के साथ शिक्षा विभाग, बाल कल्याण समिति, विशेष किशोर पुलिस इकाई (एसजेपीयू) और जिला प्रोबेशन कार्यालय ने सहयोग किया।

पुलिस मॉडर्न स्कूल, पुलिस लाइन रोशनाबाद में आयोजित कार्यक्रम में प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय हरिद्वार अजय चौधरी (एचजेएस) ने छात्र-छात्राओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध और बाल अधिकारों की जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में भी समझाया और उनके सवालों के जवाब दिए।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने बच्चों को निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में जानकारी दी। साथ ही चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 और नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की उपयोगिता बताई। उन्होंने डीपीएस स्कूल, दौलतपुर में आयोजित शिविर में भी छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध और बाल अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के तहत रुड़की और लक्सर तहसीलों के विभिन्न विद्यालयों में भी न्यायिक अधिकारियों, पैनल अधिवक्ताओं और पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) के सहयोग से जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।

कार्यक्रमों में सावित्री शिक्षा सदन राव वाली महदूद, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जसलवाका, स्वामी दर्शनानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गुरुकुल ज्वालापुर, मनु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भगवानपुर, रत्नदीप एकेडमी, माता वैष्णो देवी जूनियर हाईस्कूल, नसीहा बेगम जूनियर हाईस्कूल गढ़मीरपुर, हरिद्वार विद्या विहार एकेडमी, गोस्वामी प्रीतम लाल मेमोरियल हाईस्कूल, रॉयल जूनियर हाईस्कूल धनपुरा, दीक्षा पब्लिक हाईस्कूल, हिमालय मॉडर्न हाई स्कूल गाजीवाली (श्यामपुर), देवभूमि इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, आदर्श बाल विद्यालय, गुरु द्रोण पब्लिक हाईस्कूल, मकसूद मेमोरियल हाईस्कूल, गुरु नानक एकेडमी और शिवडेल स्कूल सहित जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
