कुंभ के काम अब दिन-रात, 24 घंटे होगी निगरानी
बड़ी परियोजनाओं में रात की पाली में भी काम कराने के निर्देश, अतिरिक्त कर्मचारी और मशीनें लगाने को कहा; देरी पर तय होगी जिम्मेदारी
सूर्या संदेश
हरिद्वार। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों में चल रहे निर्माण कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए अब बड़ी परियोजनाओं में दिन के साथ रात में भी काम कराया जाएगा। काम की निगरानी चौबीसों घंटे होगी और तय समय में परियोजना पूरी नहीं हुई तो जिम्मेदारी तय की जाएगी। मेलाधिकारी सोनिका ने सोमवार को सीसीआर में निर्माण से जुड़े विभागों और एजेंसियों के अधिकारियों के साथ बैठक में यह फैसला लिया।
जहां काम की रफ्तार कम है, वहां अतिरिक्त कर्मचारी और मशीनें लगाई जाएंगी। रात की पाली में चल रहे काम की जांच के लिए संबंधित विभागों और मेला प्रशासन के अधिकारी अचानक मौके पर पहुंचकर जायजा लेंगे। निर्माण एजेंसियों को हर दिन दिन और रात की पाली में हुए काम के साथ मौके पर मौजूद कर्मचारियों और मशीनों की जानकारी नियंत्रण कक्ष को देनी होगी। इसके आधार पर हर परियोजना की रोज समीक्षा होगी।
काम जल्दी पूरा करने के साथ उसकी गुणवत्ता पर भी नजर रहेगी। निर्माण की गुणवत्ता जांचने वाली बाहरी एजेंसियां काम के अहम चरणों में जांच करेंगी और रिपोर्ट देंगी। यानी निर्माण पूरा होने का इंतजार किए बिना बीच-बीच में भी गुणवत्ता परखी जाएगी, ताकि खामी मिलने पर समय रहते उसे ठीक कराया जा सके।
निर्माण स्थलों पर अब लोगों को भी काम से जुड़ी जरूरी जानकारी मिलेगी। हर स्थल पर सूचना बोर्ड लगाने होंगे। इसमें परियोजना का नाम, लागत, काम कराने वाली एजेंसी, संबंधित अधिकारियों के नाम और फोन नंबर तथा काम पूरा होने की तय तारीख लिखी जाएगी। बोर्ड ऐसी जगह लगाया जाएगा, जहां आम लोग और जनप्रतिनिधि उसे आसानी से देख सकें। इसका पालन नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों को अपने क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी नियमित रूप से देने को भी कहा गया है, ताकि काम को लेकर भ्रम की स्थिति न बने।
बैठक में रोड़ी बेलवाला और हरकी पैड़ी के पुनर्विकास के साथ एडमिन रोड से जुड़े कामों की भी समीक्षा हुई। संबंधित एजेंसियों को इन परियोजनाओं में तेजी लाने, पर्याप्त कर्मचारी और मशीनें लगाने तथा जरूरत के अनुसार दिन-रात काम कराने को कहा गया।
सोनिका ने कहा कि कुंभ की तैयारियों के लिए उपलब्ध समय का पूरा इस्तेमाल किया जाना जरूरी है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह, यूपीडीसीसी के महाप्रबंधक मनोज कुमार, अधीक्षण अभियंता टेक्निकल सेल मनोज भट्ट, अधीक्षण अभियंता लोनिवि डीपी सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और अभियंता मौजूद रहे।

