नवरात्रि में कुट्टू का आटा खरीदते समय बरतें सावधानी, खुला आटा बेचने पर रोक

0
IMG-20261005-WA0026

खाद्य विभाग की कार्यशाला में कारोबारियों को दिए निर्देश, पैक्ड आटा खरीदने और बिल लेने की अपील

सूर्या संदेश
हरिद्वार। नवरात्रि के दौरान कुट्टू के आटे की मांग बढ़ने के साथ खाद्य विभाग ने इसकी बिक्री को लेकर खाद्य कारोबारियों को जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने साफ कहा है कि कुट्टू का आटा पैक्ड रूप में ही बेचा जाए और खुला आटा बिक्री के लिए न रखा जाए। कारोबारियों को आटे की खरीद-बिक्री का बिल भी अनिवार्य रूप से रखने को कहा गया है।


सोमवार को खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से खाद्य कारोबारियों के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। उपायुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, गढ़वाल मंडल राजेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई कार्यशाला में नवरात्रि के दौरान कुट्टू के आटे से होने वाली फूड प्वाइजनिंग की घटनाओं को देखते हुए कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा के नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए।


विभाग ने कारोबारियों से केवल मानक के अनुरूप और शुद्ध कुट्टू का आटा बेचने को कहा। साथ ही एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थों की बिक्री नहीं करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कारोबारियों को कुट्टू के आटे के विनिर्माण, भंडारण, पैकेजिंग और बिक्री के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का पालन करने को कहा।


कार्यशाला में सहायक आयुक्त महिमानन्द जोशी, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चन्द्र टम्टा, दिलीप कुमार जैन और योगेन्द्र पांडे समेत खाद्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। व्यापार मंडल की ओर से सुरेंद्र अनेजा, सुनील अरोड़ा, विपिन कुमार गुप्ता, विक्की तनेजा, सुमित अग्रवाल और दीपक गोयल आदि ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *