तमंचे के साथ वीडियो बनाया, सामने आते ही पहुंच गई पुलिस,मंगलोर में युवक गिरफ्तार

0
IMG_20260826_164838

Oplus_131072


हरिद्वार। सोशल मीडिया पर चंद लाइक और बढ़ती फॉलोइंग की चाहत में हथियारों का प्रदर्शन करने वाले युवाओं के लिए मंगलौर पुलिस की यह कार्रवाई एक सीख है। कैमरे के सामने हथियारों का प्रदर्शन कुछ पल के लिए भले ही आकर्षण का कारण बने, लेकिन उसका वीडियो कानून की नजर से बच नहीं सकता। ऐसा ही एक वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया तो पड़ताल शुरू हुई और युवक की पहचान के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

मामला कोतवाली मंगलौर क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक युवक का तमंचे के साथ बनाया गया वीडियो सामने आया था। वीडियो की जांच और तस्दीक के दौरान युवक की पहचान अरकान पुत्र अरशद, निवासी जबरदस्तपुर जौरासी, कोतवाली रुड़की क्षेत्र के रूप में हुई।


इसके बाद मंगलौर पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की। प्रभारी निरीक्षक के निर्देश पर उप निरीक्षक नवीन चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए युवक को लंढौरा-मंगलौर रोड से गिरफ्तार कर लिया।


पुलिस के मुताबिक, युवक के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।


सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील या वीडियो बनाकर उनका प्रदर्शन करने का चलन युवाओं के लिए गंभीर परिणाम का कारण बन सकता है। कुछ सेकंड का वीडियो लंबे समय तक परेशानी का सबब बन सकता है। ऐसे में सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए हथियारों का प्रदर्शन करने के बजाय युवाओं को इससे दूरी बनाए रखना चाहिए।


पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले वीडियो और रील पर नजर रखी जा रही है।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक नवीन चौहान, हेड कांस्टेबल शूरवीर और कांस्टेबल रघुवीर शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *