डीएम ने स्कूलों में परखी पढ़ाई, 334 में 204 बच्चे उपस्थित
हरिद्वार। विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता परखने निकले जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को राजकीय प्राथमिक विद्यालय संख्या-3 ज्वालापुर और राजकीय प्राथमिक विद्यालय संख्या-18 कनखल का औचक निरीक्षण किया। ज्वालापुर के विद्यालय में 334 विद्यार्थी पंजीकृत मिले, जिनमें 204 बुधवार को उपस्थित थे।

जिलाधिकारी ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछे और उनकी शैक्षणिक स्थिति जानी। उन्होंने बच्चों से मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता और नियमितता के बारे में भी जानकारी ली। साथ ही विद्यालय में विद्यार्थियों और शिक्षकों की संख्या की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता में किसी तरह की कमी नहीं होने देने के निर्देश दिए। भोजन में हरी सब्जी शामिल करने के साथ विद्यालय परिसर, कक्षाओं, शौचालय और पेयजल व्यवस्था की नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने शिक्षकों को अभिभावकों के साथ समय-समय पर बैठक करने के निर्देश दिए, ताकि बच्चों की उपस्थिति और शैक्षणिक प्रगति की जानकारी अभिभावकों तक पहुंचती रहे। निरीक्षण में सामने आई कमियों को प्राथमिकता से दूर कराने तथा पुराने विद्यालय भवनों की मरम्मत और रखरखाव के लिए सीएसआर के माध्यम से कार्ययोजना तैयार करने की बात भी कही।

