सड़क बदहाल, नालोवाला बेहाल : बरसात में मुश्किल हाल
Oplus_131072
सूर्या संदेश,समाचार
श्यामपुर/लालढांग । जरूरी सामान लेने बाजार जाना हो या किसी बीमार को इलाज के लिए बाहर ले जाना, नालोवाला से मुख्य मार्ग तक पहुंचना इन दिनों आसान नहीं है। बारिश के बाद कीचड़ में धंसी राह और उभरे गड्ढे कदम-कदम पर रफ्तार रोक रहे हैं। गांव की इस राह से गुजरने वाला हर व्यक्ति इसकी बदहाली महसूस कर रहा है।
नालोवाला को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाले रास्ते की स्थिति फिलहाल खराब है। ग्रामीणों के अनुसार करीब 500 मीटर हिस्से को पक्का कराने की मांग लंबे समय से उठती रही है। बरसात में कीचड़ और फिसलन बढ़ने से दोपहिया वाहनों से निकलना कठिन हो रहा है, वहीं पैदल चलने वालों को भी संभलकर कदम बढ़ाने पड़ रहे हैं।

इसका असर गांव की रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ रहा है। बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी है, किसी के बीमार पड़ने पर अस्पताल तक पहुंचाना चिंता बढ़ा देता है। बुजुर्गों और महिलाओं के लिए भी कीचड़ भरे रास्ते से गुजरना आसान नहीं है।
ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव आते हैं तो नेता और उनके समर्थक गांव तक पहुंचते हैं, सड़क बनवाने के वादे भी सुनाई देते हैं। चुनाव बीतते हैं और फिर वही बदहाल राह रह जाती है। बरसों बीत गए, न वादों को पक्की सड़क मिली और न ग्रामीणों की परेशानी को मंजिल। अब सवाल है—नालोवाला की यह राह आखिर कब बदलेगी?


