पीली पड़ाव में बच्चों संग वनकर्मियों ने निकाली रैली, वन्यजीव संरक्षण का दिया संदेश
Oplus_131072
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग । पीली पड़ाव में स्कूली बच्चे रैली लेकर आगे बढ़े तो वनकर्मी भी उनके साथ कदम से कदम मिलाते नजर आए। वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के संदेश के साथ निकली रैली राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पीली पड़ाव से निकाली गई। वन्यजीव सप्ताह के तहत श्यामपुर रेंज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों और वनकर्मियों ने साथ-साथ रैली निकालकर वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
रैली के बाद विद्यालय में हुई गोष्ठी में विद्यार्थियों से वन्यजीवों और पर्यावरण को लेकर बातचीत की गई। वनकर्मियों ने बताया कि जंगल के जीव प्राकृतिक संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को जैव विविधता, वन्यजीवों के महत्व और मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने के उपायों की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि वन्यजीवों के संरक्षण के लिए उनके प्राकृतिक आवास को सुरक्षित रखना भी जरूरी है और इसमें स्थानीय लोगों की जागरूकता व सहयोग महत्वपूर्ण है।

वन क्षेत्राधिकारी श्यामपुर विवेक जोशी ने बताया कि वन्यजीव प्रकृति के संतुलन के लिए जरूरी हैं। इनके संरक्षण के लिए वन विभाग के प्रयासों के साथ स्थानीय लोगों की भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। बच्चों को वन्यजीवों के प्रति संवेदनशील बनाकर संरक्षण का संदेश परिवार और समाज तक पहुंचाया जा सकता है।
गोष्ठी के दौरान विद्यार्थियों ने वन्यजीवों से जुड़े सवाल पूछे और वनकर्मियों से उनके बारे में जानकारी ली। कार्यक्रम में वन दरोगा राकेश कुमार, वन आरक्षी एहसान अली, मनोज और मोनू आदि मौजूद रहे।

