Oplus_131072
सूर्या संदेश, समाचार
हरिद्वार। आमतौर पर जहां टोल प्लाजा पर वाहनों की कतारें दिखाई देती हैं, रविवार को वहां लोगों की भीड़ जमा थी। आरक्षण व्यवस्था समेत तीन मांगों को लेकर बड़ी संख्या में लोग बहादराबाद टोल प्लाजा पर डट गए। करीब छह घंटे तक चले प्रदर्शन के बीच रुक-रुककर बारिश होती रही, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी जगह से नहीं हटे। इसका असर टोल से गुजरने वाले वाहनों की आवाजाही पर भी पड़ा।
प्रदर्शन का नेतृत्व शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने किया। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी अधिनियम वापस लेने, एससी-एसटी कानून में बदलाव तथा आरक्षण व्यवस्था में सुधार और संशोधन की मांग उठाई।
रविवार सुबह से ही बहादराबाद टोल प्लाजा पर लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। धीरे-धीरे संख्या बढ़ती गई और प्रदर्शन ने जोर पकड़ लिया। बारिश के बीच भी लोग मौके पर डटे रहे। टोल से गुजरने वाले वाहन चालकों और यात्रियों को इस दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि मांगों पर ठोस पहल होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आरक्षण व्यवस्था को लेकर लंबे समय से असंतोष है और अब इस मुद्दे को देशभर में शांतिपूर्ण तरीके से उठाया जाएगा।
उन्होंने केंद्र सरकार पर विभिन्न मुद्दों के नाम पर समाज को बांटने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि जब जनता की मांगों को लेकर कोई संन्यासी सड़क पर उतरता है तो उसे गंभीरता से लिया जाना चाहिए। आगामी चुनावों में भाजपा और कांग्रेस का समर्थन नहीं करने तथा जनता के हित में सामने आने वाले तीसरे विकल्प पर विचार करने की बात भी उन्होंने कही।
स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने कहा कि मांगों को सड़क से लेकर संसद तक उठाने का संकल्प लिया गया है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी की अनुपस्थिति में एडीएम ने लोगों से ज्ञापन लिया। उन्होंने मांगों से संबंधित ज्ञापन केंद्र सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मांगों पर कार्रवाई होने तक उनका अभियान जारी रहेगा।

