गड्ढों में सड़क तलाशते लोग, पानी में खड़ा आक्रोश

0
IMG20260906104907


बाहर पीली में बरसात ने खोली बदहाल संपर्क मार्ग की पोल, ग्रामीण बोले-बारिश से पहले मरम्मत होती तो नहीं झेलनी पड़ती रोज की परेशानी

सूर्या संदेश,समाचार
श्यामपुर/लालढांग। सड़क पर गड्ढे हों और उन्हीं गड्ढों में बारिश का पानी भर जाए तो सफर सिर्फ मुश्किल नहीं रहता, बल्कि हर कदम पर अनजाने खतरे का अंदेशा बना रहता है। बाहर पीली गांव में इन दिनों कुछ ऐसा ही नजारा दिखाई दे रहा है। लंबे समय से बदहाल मुख्य संपर्क मार्ग की हालत बारिश के बाद और बिगड़ गई है। रविवार को ग्रामीणों का सब्र भी जवाब दे गया। पानी से लबालब गड्ढों के बीच खड़े होकर उन्होंने विरोध जताया और सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग उठाई।


सजनपुर पीली ग्राम पंचायत के बाहर पीली गांव को हाईवे से जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग ग्रामीणों की रोजमर्रा की आवाजाही का प्रमुख रास्ता है। ग्रामीणों के अनुसार, सड़क की समस्या कोई नई नहीं है। लंबे समय से मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं, लेकिन बरसात शुरू होने के बाद परेशानी कई गुना बढ़ गई है। गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और दोपहिया वाहन चालकों तथा पैदल राहगीरों को संभलकर निकलना पड़ता है।


रविवार को सड़क की बदहाली के खिलाफ ग्रामीण एकजुट हुए। प्रदीप सैनी, सुनील पाल, सोम प्रकाश, आमिर खान, सेवाराम और रतन समेत ग्रामीणों ने पानी से भरे गड्ढों के बीच खड़े होकर अपना विरोध दर्ज कराया। उनका कहना है कि सड़क की मरम्मत की मांग पहले भी संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों के सामने रखी जा चुकी है, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।


ग्रामीणों ने बताया कि इसी मार्ग से स्कूली बच्चों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीण रोजाना आवागमन करते हैं। बारिश के दौरान सड़क पर पानी भरने से परेशानी और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत करा दी जाए और पानी की निकासी का उचित इंतजाम हो, तो बरसात में हर दिन पैदा होने वाली दिक्कत से काफी हद तक राहत मिल सकती है।


ग्रामीणों ने जिम्मेदार विभाग से मार्ग का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। उनका कहना है कि हर बरसात में सड़क की यही तस्वीर सामने आती है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान का इंतजार अब भी खत्म नहीं हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *