चेकिंग देख बाइक मोड़ी, नदी पुल के पास गिरा और पकड़ा गया चरस तस्कर
Oplus_131072
गैण्डीखाता मार्केट में बेचने के लिए ले जा रहा था चरस, बाइक और मोबाइल भी बरामद
सूर्या संदेश समाचार
श्यामपुर/लालढांग। पुलिस की चेकिंग, बाइक सवार की अचानक यू-टर्न और फिर रवासन नदी पुल के पास धरपकड़! चेकिंग देखकर भागने की कोशिश कर रहा युवक बाइक अनियंत्रित होते ही पुलिस के शिकंजे में आ गया। तलाशी में उसकी लोअर की जेब से काले रंग की थैली निकली तो पुलिस भी चौंक गई। थैली में 400 ग्राम चरस थी। पूछताछ में पता चला कि आरोपी चरस गैण्डीखाता मार्केट में बेचने के लिए ले जा रहा था।
मामला मंगलवार को गैण्डीखाता बाजार से टाटवाला जाने वाले नहर पटरी मार्ग का है। लालढांग चौकी प्रभारी गगन मैठाणी पुलिस टीम के साथ रवासन नदी पुल के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान टाटवाला की ओर से बाइक सवार युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने बाइक मोड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन बाइक अनियंत्रित होने पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान राकेश (40) निवासी दूधिया दयालवाला उर्फ टाटवाला के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, उसकी लोअर की जेब से काले रंग की थैली में 400 ग्राम चरस बरामद हुई। राकेश ने चरस गैण्डीखाता मार्केट में बेचने के लिए ले जाने की बात बताई। पुलिस ने चरस के साथ बाइक और मोबाइल फोन भी कब्जे में ले लिया।
पुलिस ने आरोपी राकेश को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

