रवासन पुल को लेकर पांचवें दिन भी धरना, बोले- पुल बनने तक नहीं हटेंगे ग्रामीण
बृजमोहन पोखरियाल बोले- अब आश्वासन नहीं, जमीन पर निर्माण शुरू होने का इंतजार
सूर्या संदेश समाचार
श्यामपुर/लालढांग। रवासन नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का धरना पांचवें दिन भी जारी रहा। एक दिन पूर्व प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचने के बावजूद ग्रामीण धरना खत्म करने को तैयार नहीं हुए। जिला पंचायत सदस्य लालढांग बृजमोहन पोखरियाल के मुताबिक ग्रामीण अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि पुल निर्माण की प्रक्रिया को जमीन पर आगे बढ़ता देखना चाहते हैं।
ग्रामीणों ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक पुल नहीं बनेगा, तब तक वे धरने से नहीं हटेंगे। पोखरियाल ने इसे किसी राजनीतिक दल विशेष का आंदोलन न बताते हुए समस्त ग्रामीणों के विश्वास का आंदोलन बताया। राजनीतिक विचारधारा अलग हो सकती है, लेकिन पुल पूरे क्षेत्र की जरूरत का मुद्दा है।
रवासन नदी पर पुल निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री स्तर पर घोषणा हो चुकी है। एस्टीमेट तैयार है और शासन स्तर की प्रक्रिया के बाद टेंडर जारी किया जाना है। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत ठेकेदार का चयन होगा और पुल निर्माण आगे बढ़ेगा।
पोखरियाल के मुताबिक नेताओं के भाषणों से अधिक जरूरी जनता का विश्वास कायम करना है। आपदा में भी अवसर तलाशने वालों पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने रवासन नदी में डूबने से हुई बच्चे की मौत का जिक्र किया। उनके अनुसार कुछ लोग उसे देखने तक नहीं पहुंचे। ग्रामीणों की गंभीर मांग को राजनीतिक रंग देने के बजाय सभी को उनके साथ खड़ा होना चाहिए।
धरने के पांचवें दिन भी बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला-पुरुष डटे रहे।

