श्यामपुर कोतवाली में लंबित मामलों पर सख्ती, त्योहारों को लेकर बढ़ेगी पुलिस गश्त

0
IMG-20261002-WA0018(1)

सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने किया अर्द्धवार्षिक निरीक्षण, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश

सूर्या संदेश
हरिद्वार। आगामी त्योहारों और मेलों के दौरान श्यामपुर क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ाई जाएगी। साथ ही कोतवाली में लंबित मामलों और शिकायतों को जल्द निपटाने के निर्देश दिए गए हैं। शुक्रवार को क्षेत्राधिकारी नगर शिशुपाल सिंह नेगी ने कोतवाली श्यामपुर का वर्ष 2026 की पहली छमाही का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों से लंबित मामलों की जानकारी ली और उन्हें बिना देरी निपटाने को कहा।


निरीक्षण के दौरान नेगी ने थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कक्ष, मालखाना, हवालात, महिला हेल्प डेस्क, कर्मचारी बैरक, मेस और आपदा उपकरण कक्ष की व्यवस्थाएं देखीं। मालखाने में रखे सामान और उससे जुड़े रिकॉर्ड की जांच की। थाना परिसर की साफ-सफाई भी देखी गई, जो संतोषजनक पाई गई। इसके अलावा परिसर में चल रहे आधुनिकीकरण के निर्माण कार्य का जायजा लिया।


पुलिसकर्मियों की वर्दी और साजो-सामान की जांच के साथ उन्हें हथियारों की हैंडलिंग, खोलने-बंद करने और सुरक्षित रखरखाव का अभ्यास कराया गया। आपात स्थिति में पूरी तरह तैयार रहने और हथियारों को सावधानी से संभालने के निर्देश दिए गए।


निरीक्षण के बाद पुलिसकर्मियों के साथ बैठक में सीओ सिटी ने अपराध रोकने और क्षेत्र में शांति बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने लंबित विवेचनाओं और प्रार्थना पत्रों को जल्द निपटाने के साथ रात की गश्त बढ़ाने और संदिग्ध लोगों व गतिविधियों पर नजर रखने को कहा। पुलिसकर्मियों को आम लोगों के साथ शालीन व्यवहार करने और पीड़ितों की शिकायतों पर जल्द कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *