हॉकी के मैदान में श्यामपुर की बेटियों का जलवा, राष्ट्रीय मंच पर उपविजेता बन रचा नया अध्याय
सेमीफाइनल में चेन्नई को 6-0 से दी करारी शिकस्त, फाइनल की जंग में सोनीपत से भिड़ीं; साक्षी और संध्या ने व्यक्तिगत पुरस्कारों से बढ़ाया गौरव
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। श्यामपुर की बेटियों ने राष्ट्रीय हॉकी के मैदान पर दमदार खेल दिखाते हुए सीबीएसई गर्ल्स नेशनल हॉकी टूर्नामेंट में उपविजेता का खिताब हासिल किया। श्रीराम विद्या मंदिर श्यामपुर की अंडर-19 टीम ने लीग मुकाबलों से लेकर सेमीफाइनल तक शानदार प्रदर्शन किया।

पंजाब के मेहता चौक स्थित एसजीजीएस खालसा अकादमी में एक से सात अक्तूबर तक आयोजित प्रतियोगिता के अंडर-19 वर्ग में देश के अलग-अलग जोन की सात टीमें शामिल हुईं। लीग मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन के बाद श्यामपुर की टीम सेमीफाइनल में पहुंची, जहां उसके सामने वेलम्मल विद्याश्रम, चेन्नई की टीम थी।

सेमीफाइनल में श्यामपुर की खिलाड़ियों ने मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बनाते हुए चेन्नई को 6-0 से हराया और फाइनल में जगह पक्की कर ली। खिताबी मुकाबले में लिटिल एंजल पब्लिक स्कूल (प्रीतम हॉकी अकादमी), सोनीपत से कड़ा मुकाबला हुआ। दोनों टीमों के बीच जोरदार संघर्ष के बाद सोनीपत की टीम विजेता बनी। कोच बलविंदर सिंह ने बताया कि फाइनल में उनकी टीम ने अनुशासन और रणनीति के साथ खेलते हुए अच्छा प्रदर्शन किया।

बलविंदर सिंह के मुताबिक राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए अपनी ताकत और कमियों को परखने का बेहतर मंच रही। अब टीम की कमियों पर काम कर खिलाड़ियों को आगामी मुकाबलों के लिए और बेहतर तैयार करने पर जोर रहेगा।
टीम के सामूहिक प्रदर्शन के बीच दो खिलाड़ियों ने व्यक्तिगत स्तर पर भी अपनी छाप छोड़ी। साक्षी को बेस्ट प्लेयर के साथ प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया, जबकि संध्या को बेस्ट डिफेंडर ऑफ द टूर्नामेंट का पुरस्कार मिला।
इधर, विद्यालय की अंडर-19 बालक हॉकी टीम भी सीबीएसई बॉयज नेशनल हॉकी टूर्नामेंट के लिए करनाल रवाना हो गई है। प्रतियोगिता आठ से 14 अक्तूबर तक एसपीएस कॉन्वेंट स्कूल, करनाल में आयोजित होगी।
बालिका टीम की राष्ट्रीय उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। प्रधानाचार्या बबीता अग्रवाल श्रीनिवास और ट्रस्टी राजीव भल्ला ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। टीम में साक्षी, शिवानी शरण, नंदिनी, जाह्नवी शरण, कप्तान वाँसी, आश्मी, निहारिका, सानिया, संध्या, काजल, तनिष्का, इशिका, आरती, हर्षिता, याचिका, निष्ठा और पूजा शरण शामिल रहीं।

