स्कूली बच्चे पहुंचे एसएसपी कार्यालय, एसपी क्राइम से सीखा सफलता का मंत्र
सूर्या संदेश
हरिद्वार। सामने पुलिस की वर्दी में वरिष्ठ अधिकारी और दूसरी ओर उत्सुकता से सवाल करते स्कूली बच्चे। एसएसपी कार्यालय में एसपी क्राइम निशा यादव के साथ बच्चों का यह संवाद उनके लिए महज मुलाकात नहीं, बल्कि पुलिस व्यवस्था को करीब से समझने और भविष्य को लेकर प्रेरणा लेने का अवसर बन गया।

अजीतपुर स्थित सत्यम पाठशाला के बच्चे मंगलवार को रोशनाबाद स्थित एसएसपी कार्यालय पहुंचे। बच्चों ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और कार्यालय की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान एसपी क्राइम निशा यादव ने बच्चों से पढ़ाई, लक्ष्य और भविष्य को लेकर बातचीत की और मेहनत, अनुशासन व लगन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
बातचीत के दौरान कक्षा नौ के एक छात्र ने निशा यादव से पूछा कि आईपीएस बनने के लिए उसे क्या करना होगा। छात्र ने बताया कि वह भी आईपीएस बनना चाहता है। निशा यादव ने उसकी कक्षा पूछने के बाद उसे फिलहाल अपनी पढ़ाई को गंभीरता से लेने और लगन व मेहनत के साथ आगे बढ़ने की सलाह दी। उन्होंने 12वीं के बाद स्नातक की पढ़ाई पूरी करने और उसके बाद आईपीएस की तैयारी के बारे में भी जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी से इस तरह सीधे बातचीत ने बच्चों को पुलिस व्यवस्था को नजदीक से समझने का मौका दिया। साथ ही, अपने भविष्य और करियर को लेकर सवाल पूछने का मंच भी मिला। बच्चों के लिए यह कक्षा से बाहर सीखने का एक अलग अनुभव रहा।
पाठशाला संचालक अरुण कश्यप ने बताया कि बच्चों को अलग-अलग जगहों का अनुभव कराने का उद्देश्य उनमें आत्मविश्वास और सामाजिक समझ विकसित करना है, ताकि वे अपने आसपास की दुनिया को नए नजरिए से समझ सकें।

