बहन के प्रेम प्रसंग से बदनामी का डर बना प्रेमी जोड़े की हत्या का कारण, मुठभेड़ में आरोपी गिरफ्तार
Oplus_131072
सूर्या संदेश
हरिद्वार। प्रेम प्रसंग से शुरू हुई कहानी में एक युवा पर ऐसा जुनून सवार हुआ कि रिश्तों की सारी हदें टूट गईं। बहन के प्रेम संबंध से समाज में बदनामी का डर और फिर दो गोलियां…। झबरेड़ी कलां में बहन और उसके प्रेमी की हत्या के आरोप में फरार अमन उर्फ भरोसी अब पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार हो चुका है। दोहरे हत्याकांड के बाद फरार अमन का पुलिस से सामना उस वक्त हुआ, जब वह गांव की ओर आ रहा था। पुलिस के मुताबिक, रोकने पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद उसे दबोच लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, झबरेड़ी कलां निवासी अमन उर्फ भरोसी पुत्र रामकुमार ने 26 सितंबर को अपनी बहन रुपा पुत्री रामकुमार और उसके प्रेमी सूरज उर्फ मुन्ना पुत्र अशोक, उम्र करीब 18 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम झबरेड़ी कलां, की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वारदात के बाद से अमन फरार था और पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही थी।
अमन के गांव की ओर आने की सूचना पर नहर पुल पिकेट पर पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक से तेज रफ्तार में आए युवक को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन वह बूढ़पुर पाल बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते पर भागने लगा। पुलिस के अनुसार, पीछा करने पर उसने टीम पर गोली चला दी। रुकने की चेतावनी के बाद भी दोबारा फायरिंग करने पर पुलिस ने जवाबी गोली चलाई। पैर में गोली लगने के बाद अमन को पकड़ लिया गया।
घायल अमन को इलाज के लिए राजकीय अस्पताल हरिद्वार में भर्ती कराया गया है। उसके पास से .315 बोर का तमंचा, दो खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। जिस हीरो होंडा बाइक से वह आया था, वह भी बिना नंबर प्लेट की मिली।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अमन ने बताया कि उसे अपनी बहन रुपा और सूरज के प्रेम प्रसंग की जानकारी थी और उसे समाज में बदनामी का डर था। पुलिस के अनुसार, इसी वजह से उसने दोनों की हत्या करने की बात कही है। सूरज के पिता अशोक पुत्र चत्तर सिंह, निवासी ग्राम झबरेड़ी कलां, थाना झबरेड़ा, जनपद हरिद्वार की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुठभेड़ के मामले में भी अमन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास और दोहरे हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

