40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार ने जीती 15वीं प्रादेशिक पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता
फाइनल में जनपद हरिद्वार को 55 रन से हराया, एसपी क्राइम निशा यादव ने विजेता टीम को चल वैजयंती ट्रॉफी देकर किया सम्मानित
सूर्या संदेश
हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस की मेजबानी में आयोजित 15वीं प्रादेशिक जनपदीय/वाहिनी पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 में 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार ने खिताब अपने नाम कर लिया। गुरुवार को खेले गए फाइनल मुकाबले में 40वीं वाहिनी पीएसी ने जनपद हरिद्वार की टीम को 55 रन से हराकर प्रतियोगिता जीत ली।
29 सितंबर से एक अक्तूबर तक चली प्रतियोगिता में जनपद और विभिन्न वाहिनियों की 18 टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के मुकाबले जनपद के अलग-अलग मैदानों पर खेले गए। निर्णायक मंडल ने पूरे आयोजन के दौरान मुकाबलों की निगरानी करते हुए प्रतियोगिता का संचालन कराया।
गुरुवार को जनपद हरिद्वार और 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार के बीच फाइनल मुकाबला हुआ। इसमें 40वीं वाहिनी पीएसी ने जनपद हरिद्वार को 55 रन से हराकर विजेता का खिताब हासिल किया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अपराध निशा यादव ने विजेता टीम को चल वैजयंती ट्रॉफी प्रदान की। उपविजेता टीम और अन्य खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया गया।
उन्होंने सभी खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में शामिल 18 टीमों ने अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक अपराध ने 15वीं प्रादेशिक जनपदीय/वाहिनी पुलिस क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 के विधिवत समापन की घोषणा की।

