लालढांग के चमरिया में गुलदार का आतंक, बछिया पर हमला कर ग्रामीणों पर झपटने का प्रयास
Oplus_131072
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग! लालढांग क्षेत्र के चमरिया गांव में गुलदार की बढ़ती आवाजाही से ग्रामीण परेशान हैं। मवेशियों पर हमलों के साथ ही गुलदार को भगाने की कोशिश करने वाले लोगों पर भी हमले का खतरा बना हुआ है। देर रात हुई घटना ने एक बार फिर ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात करीब 2:30 बजे चमरिया गांव निवासी अर्जुन बिष्ट की गौशाला में बंधी बछिया पर गुलदार ने हमला कर दिया। बछिया की आवाज सुनकर घरवाले बाहर आए और गुलदार को भगाने लगे, लेकिन वह उन पर भी झपटने का प्रयास करने लगा। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण गुलदार को जंगल की ओर खदेड़ पाए।
ग्रामीणों का कहना है कि चमरिया गांव में पिछले कुछ समय से गुलदार की आवाजाही बढ़ गई है। मवेशियों पर लगातार हो रहे हमलों से पशुपालक परेशान हैं। गुलदार के डर से शाम ढलने के बाद घर से बाहर निकलने में भी लोग सावधानी बरत रहे हैं। ग्रामीणों को अपने मवेशियों के साथ परिवार की सुरक्षा की भी चिंता सता रही है।
गौरतलब है कि बीती 14 अक्टूबर को भी लालढांग क्षेत्र की रसूलपुर मीठी बेरी ग्राम पंचायत में गुलदार ने एक ही दिन में एक महिला और एक पुरुष पर हमला किया था। इस घटना में प्रवीण पुत्र शौकीन और 50 वर्षीय सोनकता पत्नी पूरन सिंह घायल हुए थे। क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियां ग्रामीणों के लिए चिंता का विषय बनी हुई हैं।
इस संबंध में वन क्षेत्राधिकारी महेश शर्मा से जानकारी लेने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो पाया।
📰 हर खबर पर रखिए अपनी नज़र! ❤️ Like 👍 करें, 📲 Share करें और 💬 Comment में अपनी राय जरूर दें।
आपकी खबर, आपकी आवाज़ — आपका सूर्या संदेश! 🗞️ 🌐 https://suryasandesh.com/
