सुरक्षित बचपन अभियान में बच्चों को बताए अधिकार और सुरक्षा के उपाय
लालढांग के दो इंटर कॉलेजों के 677 छात्र-छात्राओं को दी गई कानूनी सहायता, साइबर सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने और उन्हें अपराधों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बुधवार को लालढांग के दो इंटर कॉलेजों में सुरक्षित बचपन अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कैप्टन गंगा सिंह रावत इंटर कॉलेज में 327 और लाला ओमप्रकाश ज्ञानदीप कन्या इंटर कॉलेज में 350 छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को कानूनी अधिकारों, साइबर अपराधों से बचाव और जरूरत के समय सहायता प्राप्त करने के तरीकों की जानकारी दी गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरिद्वार के तत्वाधान में आयोजित किया जा रहे सुरक्षित बचपन अभियान के तहत कैप्टन गंगा सिंह रावत इंटर कॉलेज में लालढांग चौकी प्रभारी गगन मेंठाणी ने छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी और व्यक्तिगत जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा ऑनलाइन लेनदेन के दौरान सतर्कता बरतने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों से वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करने की अपील भी की।
विधिक सेवा प्राधिकरण, हरिद्वार की ओर से अधिकार मित्र एम कुमार ने विद्यार्थियों को नाबालिगों के कानूनी अधिकारों और पोक्सो एक्ट के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने निःशुल्क विधिक सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 की जानकारी देते हुए जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का लाभ लेने के बारे में बताया।
वहीं, लाला ओमप्रकाश ज्ञानदीप कन्या इंटर कॉलेज, लालढांग में भी सुरक्षित बचपन अभियान के तहत छात्र-छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया गया। यहां 350 विद्यार्थियों ने कार्यक्रम के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
