लॉटरी के नाम पर 8 राज्यों में 80 लाख की साइबर ठगी, आरोपी गिरफ्तार

manglore-cyber-fraud-accused-arrested.jpg

सूर्या संदेश

मंगलौर। जरा सोचिए, आपके मोबाइल पर फोन आए और कहा जाए कि आपकी लॉटरी निकल गई है। इनाम पाने की खुशी में आप सामने वाले की बातों पर भरोसा कर लें तो यही खुशी आपकी मेहनत की कमाई गंवाने की वजह बन सकती है। लॉटरी के नाम पर लोगों को ठगने का ऐसा ही मामला मंगलौर में सामने आया है। पुलिस ने एक 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है, जिसके नाम से चल रहे छह बैंक खातों के जरिये आठ राज्यों में 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी किए जाने का पता चला है।


पुलिस जांच में सामने आया कि गुजरात से लेकर पंजाब और उत्तर प्रदेश तक आरोपी के बैंक खातों के खिलाफ साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज थीं। कुल आठ राज्यों से जुड़ी इन शिकायतों में एक बैंक खाते के खिलाफ ही 20 से अधिक शिकायतें मिली थीं। यानी ठगी का दायरा केवल एक शहर या राज्य तक सीमित नहीं था।


इस मामले में पुलिस को प्रतिबिम्ब पोर्टल के जरिये संदिग्ध बैंक खाते की जानकारी मिली थी। इसके बाद खाते की जांच शुरू हुई तो पुलिस उस युवक तक पहुंची, जिसके नाम पर कुल छह बैंक खाते चल रहे थे। इन खातों की जांच में 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर ठगी का खुलासा हुआ।


आरोपी लोगों को फोन करके लॉटरी निकलने या इनाम मिलने का झांसा देता था। इनाम पाने की उम्मीद में लोग उसकी बातों में आ जाते और ठगी का शिकार हो जाते थे। ठगी से मिले रुपये आरोपी एटीएम से निकालता और फिर दूसरे बैंक खातों में भेज देता था। इस तरह वह लोगों से ठगे गए पैसों को आगे पहुंचाने का काम करता था।


मंगलौर कोतवाली पुलिस ने आरोपी आकाश कुमार (23) पुत्र वीरेन्द्र, निवासी गोपालपुर को गिरफ्तार किया है। उसके पास से छह बैंक पासबुक, छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में मंगलौर कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।