हरिद्वार में शुरू हुआ आधार सेवा केंद्र
हरिद्वार । हरिद्वार के लोगों को अब आधार से जुड़े काम के लिए देहरादून जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। जिले में यूआईडीएआई का आधार सेवा केंद्र शुरू हो गया है।
कैबिनेट मंत्री एवं हरिद्वार विधायक मदन कौशिक ने गुरुवार को केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं अपना आधार अपडेट कराया।
केंद्र में आधार नामांकन, मोबाइल नंबर, फोटो और पता बदलने, जनसांख्यिकीय व बायोमेट्रिक अपडेट, त्रुटि सुधार और शिकायत निवारण जैसी प्रमुख सेवाएं उपलब्ध होंगी। इससे हरिद्वार के अलावा रुड़की, लक्सर, भगवानपुर और आसपास के क्षेत्र के लोगों को भी सुविधा मिलेगी। प्राप्त जानकारी के अनुसार अनुराग पैलेस बैंक्विट हॉल के पास ज्वालापुर में इसका शुभारंभ किया गया है!

मदन कौशिक ने अभिभावकों से 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट समय पर कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर 2026 तक यह सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है।
यूआईडीएआई के निदेशक कुमार उज्ज्वल ने बताया कि केंद्र सीधे यूआईडीएआई द्वारा संचालित होगा। यहां दिव्यांगजनों के लिए सुगम सुविधाओं, शिकायत निवारण और आठ आधुनिक संचालन किट की व्यवस्था की गई है। सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर सप्ताह के सभी दिनों में केंद्र संचालित रहेगा। आधार सेवाओं के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट भी लिया जा सकता है।

