कांगड़ी फ्लाईओवर फिर बना जानलेवा, कार की चपेट में आए दो किशोरों की मौत

0
IMG-20260906-WA0034


सूर्या संदेश,समाचार
श्यामपुर/लालढांग। कांगड़ी फ्लाईओवर पर रविवार को हुए सड़क हादसे में दो किशोरों की जान चली गई। हरिद्वार से श्यामपुर की तरफ जा रही स्कूटी को कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों किशोरों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


मृतकों की पहचान कार्तिक अग्रवाल (16) पुत्र नवीन अग्रवाल, निवासी कालीवाली हवेली, हरकी पैड़ी, हरिद्वार और कृष्णा राजपूत (14) पुत्र सोनू राजपूत, निवासी शिवनगर, रानी गली, हरिद्वार के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक कार सवार हरिद्वार से बिजनौर की ओर जा रहा था।


घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली श्यामपुर प्रभारी नितेश शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।


कांगड़ी फ्लाईओवर पर हादसों का सिलसिला लंबे समय से लोगों की चिंता बढ़ा रहा है। इससे पहले भी यहां हुए कई सड़क हादसों में बड़ी संख्या में लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। लगातार सामने आती दुर्घटनाओं के बीच रविवार को दो कम उम्र के किशोरों की मौत ने एक बार फिर इस फ्लाईओवर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

स्थानीय स्तर पर लंबे समय से उठती आ रही सुरक्षा संबंधी चिंताओं के बीच अब जरूरत हादसे के बाद कार्रवाई से आगे बढ़कर हादसे रोकने के ठोस इंतजाम करने की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *