तीन साल से तैयार भवन में अब इलाज की राह खुली, ओपीडी शुरू

0
IMG20260918141958

सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। तीन साल से तैयार भवन और स्वास्थ्य सेवा शुरू होने का इंतजार… ‘सूर्या संदेश’ में खबर प्रकाशित होने के अगले ही दिन श्यामपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुभारंभ के साथ इंतजार खत्म होने की राह खुल गई।

शुक्रवार को स्वास्थ्य सेवा सचिव विनय शंकर पांडे और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने गायत्री मंत्रोच्चार के बीच फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया। ओपीडी शुरू हो चुकी है। चिकित्सक सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक मरीजों के लिए उपलब्ध रहेंगे। ‘सूर्या संदेश’ ने 17 सितंबर को ‘दवा-इलाज की उम्मीद में बनी इमारत, अस्पताल में अब तक नहीं गूंजी इलाज की आहट’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर करीब तीन साल से तैयार केंद्र के बंद पड़े होने का मुद्दा उठाया था।


प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्यामपुर को वर्ष 2022 में स्वीकृति मिली थी। तत्कालीन कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद के प्रयासों से इसकी घोषणा हुई थी। करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से भवन वर्ष 2025 में बनकर तैयार हो गया था, लेकिन पद सृजन और अन्य जरूरी विभागीय प्रक्रियाओं के कारण स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं हो सकी थीं। इसके चलते आसपास के ग्रामीणों को इलाज के लिए दूसरे स्थानों पर जाना पड़ रहा था।

स्वास्थ्य सेवा सचिव विनय शंकर पांडे ने ‘सूर्या संदेश’ को बताया कि भवन तैयार होने के बाद पद सृजन और अन्य आवश्यक विभागीय प्रक्रियाओं के कारण स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं हो पाई थीं। अब फिलहाल ओपीडी शुरू की जा चुकी है। केंद्र पर कम से कम एक चिकित्सक के साथ एएनएम, सीएचओ, पैरामेडिकल स्टाफ और अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। चिकित्सक सुबह आठ से दोपहर दो बजे तक केंद्र पर मौजूद रहेंगे। जरूरत के समय चिकित्सकों की उपलब्धता बनी रहे, इसके लिए केंद्र के आसपास उनके रहने की व्यवस्था करने का भी प्रयास किया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवा सचिव विनय शंकर पांडे

स्वामी यतीश्वरानंद ने ‘सूर्या संदेश’ को बताया कि वर्ष 2021-22 में मुख्यमंत्री के समक्ष श्यामपुर में स्वास्थ्य केंद्र की घोषणा की गई थी। करीब पांच-छह दिन पहले उन्होंने मुख्यमंत्री से केंद्र शुरू कराने को लेकर बातचीत की थी। इसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर स्वास्थ्य सचिव ने आवश्यक कार्रवाई आगे बढ़ाई और अब केंद्र का संचालन शुरू हो गया है। उन्होंने कहा कि श्यामपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को छोटी-छोटी स्वास्थ्य जरूरतों के लिए अब दूर नहीं जाना पड़ेगा।


स्वामी यतीश्वरानंद ने कोरोना काल में क्षेत्र के लिए उपलब्ध कराई गई एंबुलेंस को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र श्यामपुर में 24 घंटे उपलब्ध रखने के निर्देश स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि चंडीघाट से चिड़ियापुर बॉर्डर तक सड़क दुर्घटनाओं के मामले सामने आते रहते हैं। ऐसे में केंद्र सड़क हादसों में घायलों के लिए भी उपयोगी होगा।

कुंभ, कांवड़ यात्रा, गंगा मेले और अन्य बड़े आयोजनों के दौरान श्यामपुर-कांगड़ी क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। भविष्य में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी काम किया जाएगा।


करीब तीन साल से स्वास्थ्य सेवा का इंतजार कर रहे क्षेत्र के लोगों के लिए केंद्र का शुरू होना राहत की बात है। ओपीडी शुरू होने के बाद श्यामपुर और आसपास के ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।


इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी हरिद्वार डॉ. आरके सिंह, डॉ. यशपाल सिंह तोमर, स्वास्थ्य मेला अधिकारी मनीष दत्त, जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. महिमानंद जोशी और अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *