Oplus_131072
दूधियाबंद जंगल में मिले अज्ञात शव का चार दिन बाद खुलासा, पत्नी समेत पति गिरफ्तार; दो अन्य आरोपियों की तलाश
सूर्या संदेश
हरिद्वार। दूधियाबंद के जंगल में चार दिन पहले मिला अज्ञात शव पुलिस के लिए एक ऐसी पहेली बना था, जिसमें न मृतक की पहचान थी और न हत्या की वजह का कोई सुराग। शव के पास मिला बिजनौर की बस का टिकट पुलिस को पहली कड़ी जरूर दे गया, लेकिन कातिल तक पहुंचने के लिए जांच को कई सवालों के जवाब तलाशने पड़े। आखिरकार शव की पहचान हुई तो जांच की दिशा बदली और पूरा मामला एक प्रेम संबंध, परिवार छोड़ने के दबाव और हत्या की साजिश तक पहुंच गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जांच में सामने आया कि मृतक गोपाल का एक महिला से संबंध था। गोपाल महिला पर परिवार छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था। परेशान महिला ने इसकी जानकारी पति को दी। इसके बाद पति-पत्नी ने गोपाल को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद के पास जंगल में मिले शव की 20 सितंबर को परिजनों ने गोपाल (50) निवासी बिजनौर के रूप में पहचान की। बेटे आशु कुमार की तहरीर पर कोतवाली नगर में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ। पहचान के बाद पुलिस ने गोपाल के हरिद्वार आने और उसके संपर्कों की कड़ियां जोड़नी शुरू कीं।
पुलिस की जांच के अनुसार, इसी दौरान गोपाल के महिला से संबंध और उसे परिवार छोड़कर साथ आने के लिए दबाव बनाने की बात सामने आई। रक्षाबंधन पर महिला के बिजनौर पहुंचने पर नरेंद्र ने दोनों को पकड़ लिया था। इसके बाद गोपाल महिला को फोन कर अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी देने लगा। परेशान महिला ने यह बात पति को बताई।
यहीं से हत्या की साजिश आगे बढ़ी। पुलिस के मुताबिक, नरेंद्र ने पत्नी, अपने भाई और गांव के एक व्यक्ति को साथ लिया। गांव के उस व्यक्ति को 50 हजार रुपये देने की बात तय हुई। महिला की मदद से गोपाल को हरिद्वार बुलाने की योजना बनाई गई।
16 सितंबर की रात महिला गोपाल को मिलने के बहाने हरिद्वार लाई। गंगा घाट पर शराब और खाना खाने के बाद जब गोपाल सो गया तो नरेंद्र और अन्य आरोपियों ने चापड़ व छुरी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसका मोबाइल और पर्स गंगा में फेंक दिया गया।
पुलिस ने 21 सितंबर को नरेंद्र (40) और उसकी पत्नी (36) को मोतीचूर रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। हत्या में इस्तेमाल लोहे का चापड़ बरामद हुआ है। मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

