नशे के खिलाफ ऑपरेशन प्रहार के बीच पुलिस के हाथ लगी शराब की बड़ी खेप
Oplus_131072
धनपुरा में 810 टेट्रा पैक देशी शराब की खेप पकड़ी, एक गिरफ्तार
सूर्या संदेश
पथरी (हरिद्वार)! नशे का कारोबार करने वालों के लिए इन दिनों रास्ता आसान नहीं है। पुलिस की नजर से बचकर शराब की खेप खपाने निकले तो अगला ठिकाना हवालात भी हो सकता है। धनपुरा में पकड़ी गई शराब की खेप इसकी ताजा मिसाल है।
पथरी पुलिस ने धनपुरा गांव में दबिश देकर 16 पेटी देशी शराब की खेप बरामद कर दीन मोहम्मद उर्फ चंदू पुत्र यासीन निवासी ग्राम धनपुरा, थाना पथरी, जिला हरिद्वार को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार बरामद शराब में कुल 810 टेट्रा पैक थे।
हरिद्वार जिले में नशे के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पथरी पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित कर लिंक रोड, गांव-कस्बों की ओर जाने वाली चकरोड और हाईवे पर लगातार चेकिंग की। इसी दौरान पुलिस को धनपुरा गांव में देशी शराब की खेप होने की सूचना मिली।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने धनपुरा में दबिश दी। तलाशी के दौरान दीन मोहम्मद के कब्जे से 16 पेटी देशी शराब बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक इनमें कुल 810 टेट्रा पैक मिले।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक महेंद्र पुंडीर, कांस्टेबल नारायण सिंह, मनोज कुमार और महेश बाबू शामिल रहे। आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है।

