8 को एक्कड़ कलां में लगेगा समाधान शिविर, सुनी जाएगी ग्रामीणों की समस्याएं
हरिद्वार। ग्राम एक्कड़ कलां में 8 सितंबर को बहुउद्देशीय विधिक साक्षरता एवं समाधान शिविर लगाया जाएगा। अंबेडकर भवन में होने वाले शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी और संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान की कोशिश की जाएगी।

शिविर की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (एसडी) सिमरनजीत कौर ने गुरुवार को ग्राम एक्कड़ कलां का साप्ताहिक निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकार मित्रों और पीएलवी की ओर से किए जा रहे काम की समीक्षा की और जरूरी दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद अंबेडकर भवन में शिविर की तैयारियों को लेकर जिला पंचायती राज अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम प्रधान के साथ बैठक की गई।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने एक्कड़ कलां और सराय क्षेत्र का भ्रमण कर स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं। समस्याओं के समाधान के लिए जरूरी विधिक सलाह भी उपलब्ध कराई गई। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की रिटेनर अधिवक्ता काजल सैनी और लॉ इंटर्न मौजूद रहे। लॉ इंटर्न को विधिक जागरूकता से जुड़े काम का प्रत्यक्ष अनुभव भी कराया गया।
इधर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सभागार में सचिव की अध्यक्षता में जिले के सभी अधिकार मित्रों की मासिक बैठक हुई। इसमें अगस्त में किए गए काम की समीक्षा की गई और सितंबर में होने वाली गतिविधियों को लेकर अधिकार मित्रों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
शाम चार बजे खाद्य पदार्थों और एक्सपायरी आइटम से जुड़े मामलों की रोकथाम को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। इसमें ड्रग इंस्पेक्टर, फूड इंस्पेक्टर और स्वास्थ्य विभाग के प्रतिनिधि शामिल हुए। अगस्त में किए गए काम की समीक्षा की गई और संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों को जरूरी निर्देश दिए गए। बैठक में लॉ इंटर्न भी मौजूद रहे।

