कुंभ-2027 का लोगो, वेबसाइट और गीत जारी, गंगा-हर की पैड़ी की झलक से सजा प्रतीक चिह्न

0
IMG-20261012-WA0150

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया लोकार्पण, हरिद्वार की धार्मिक विरासत और सनातन परंपरा को दर्शाता है आधिकारिक लोगो

सूर्या संदेश
 हरिद्वार। हरिद्वार कुंभ-2027 की धार्मिक पहचान को दर्शाने वाला आधिकारिक लोगो जारी कर दिया गया है। इसमें मां गंगा, हर की पैड़ी, धनुष पुल और सूर्योदय की छटा के साथ हरिद्वार की आध्यात्मिक विरासत को जगह दी गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार, 12 अक्टूबर को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में कुंभ के लोगो के साथ आधिकारिक वेबसाइट और गीत का भी लोकार्पण किया। इन माध्यमों से कुंभ की पहचान को व्यापक स्तर पर प्रस्तुत करने और आयोजन से जुड़ी जानकारियां श्रद्धालुओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।


आधिकारिक लोगो में गंगा और हर की पैड़ी क्षेत्र के अलावा शिव प्रतिमा, साधु-संतों, त्रिशूल, डमरू तथा मां मनसा देवी और मां चंडी देवी की पहाड़ियों को भी दर्शाया गया है। इन प्रतीकों के जरिए हरिद्वार की धार्मिक विरासत और सनातन परंपरा को एक साथ प्रस्तुत किया गया है। लोगो का इस्तेमाल कुंभ से संबंधित प्रचार सामग्री, प्रकाशनों और डिजिटल मंचों पर किया जाएगा।
इस लोगो के चयन के लिए मेला प्रशासन ने राज्य के युवाओं और विद्यार्थियों से डिजाइन आमंत्रित किए थे। सैकड़ों प्रविष्टियां मिलने के बाद चयन समिति ने हरिद्वार के जगजीतपुर स्थित विकास कॉलोनी निवासी मधु शर्मा के डिजाइन को चुना। इसी डिजाइन के आधार पर कुंभ का आधिकारिक लोगो तैयार किया गया।


कुंभ की आधिकारिक वेबसाइट https://haridwarkumbh.uk.gov.in भी शुरू की गई है। इसके जरिए श्रद्धालु और आमजन आयोजन से संबंधित उपलब्ध जानकारियां प्राप्त कर सकेंगे। डिजिटल माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों और विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं तक कुंभ से जुड़ी सूचनाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी।


कार्यक्रम में कुंभ के आधिकारिक गीत ‘कुंभ का पर्व आ गया’ का भी लोकार्पण किया गया। ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ पंक्तियों से शुरू होने वाले इस गीत में कुंभ के आगमन की खुशी, साधु-संतों के उत्साह और श्रद्धालुओं की आस्था को स्वर दिया गया है। हरिद्वार निवासी गायक राघव राजा ने गीत की रचना, गायन और संगीत तैयार किया है।


मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा, सनातन संस्कृति और जनआस्था का विराट उत्सव है। हरिद्वार कुंभ का करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक महत्व है। राज्य सरकार कुंभ-2027 के आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।


लोकार्पण कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, खजान दास, भरत सिंह चौधरी, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा और राम सिंह कैड़ा सहित मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, महानिदेशक सूचना वंशीधर तिवारी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार तथा उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह सहित मेला एवं जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *