गांधी-शास्त्री जयंती पर गूंजा बाल विवाह रोकने का संकल्प, ग्रामीणों ने ली शपथ
Oplus_131072
सूर्या संदेश,
श्यामपुर/लालढांग! गांधी-शास्त्री जयंती के मौके पर रसूलपुर मीठी बेरी ग्राम पंचायत में आयोजित ग्रामसभा की विशेष बैठक इस बार सामाजिक संकल्प के लिए खास रही। पंचायत घर में जुटे ग्रामीणों ने बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर शपथ ली। ग्रामीणों ने साफ तौर पर संकल्प लिया कि 18 वर्ष से कम उम्र की बालिका और 21 वर्ष से कम उम्र के बालक का विवाह नहीं किया जाएगा।

कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी के ध्वजारोहण से हुई। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन से प्रेरणा लेकर उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से पंचायत को स्वच्छ रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। कहा कि गांव को स्वच्छ रखने के लिए हर व्यक्ति का सहयोग जरूरी है।
इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ग्रामसभा की विशेष बैठक हुई। बैठक में ग्रामीणों ने बाल विवाह को पूरी तरह प्रतिबंधित रखने का संकल्प लिया। उन्होंने शपथ ली कि किसी भी बालिका की शादी 18 वर्ष और बालक की शादी 21 वर्ष की उम्र से पहले नहीं होने दी जाएगी। कहीं बाल विवाह की जानकारी मिलने पर इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन, आंगनवाड़ी या प्रशासन को देने का भी संकल्प लिया गया, ताकि समय रहते बाल विवाह को रोका जा सके।
गांधी-शास्त्री जयंती के कार्यक्रम में ग्राम प्रधान कमलेश द्विवेदी के अलावा सुभाष सैनी, योगेश सैनी, चौधरी गिरिराज सिंह, खेमचंद सैनी, मयंक सैनी, ओम प्रकाश सैनी, यादराम सैनी, मास्टर लखन सिंह, दयाराम सैनी, विजय कतवाल, जयपाल सिंह, सुरेश सिंह, राजकुमार सिंह और शेर सिंह समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी हिस्सा लिया।

