गिरिजाशंकर जोशी की स्मृति को संस्थागत सम्मान देने की हो पहल
हल्द्वानी मीडिया सेंटर का नामकरण उनके नाम पर करने की मांग, राज्यस्तरीय पत्रकारिता एवं जनसंपर्क सम्मान शुरू करने का भी सुझाव
सूर्या संदेश समाचार
देहरादून/नैनीताल। पत्रकारों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय के लिए याद किए जाने वाले स्वर्गीय गिरिजाशंकर जोशी की स्मृति को संस्थागत सम्मान दिए जाने की मांग उठी है। नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी रहे जोशी के नाम पर हल्द्वानी में निर्माणाधीन मीडिया सेंटर का नाम रखने की मांग नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे उत्तराखण्ड) ने की है।

संगठन ने मुख्यमंत्री को भेजे मांग पत्र में कहा है कि यदि मीडिया सेंटर का नामकरण संभव न हो तो उनके नाम से राज्यस्तरीय पत्रकारिता एवं जनसंपर्क सम्मान शुरू किया जाए।
एनयूजे उत्तराखण्ड की प्रदेश अध्यक्ष दया जोशी और संरक्षक त्रिलोक चन्द्र भट्ट की ओर से भेजे गए मांग पत्र में कहा गया है कि गिरिजाशंकर जोशी का आकस्मिक निधन सूचना विभाग के साथ पत्रकारिता, जनसंपर्क और प्रशासनिक व्यवस्था के लिए बड़ी क्षति है। नैनीताल जनपद की सूचनाओं को तत्परता और विश्वसनीयता के साथ आम जनता तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

संगठन के अनुसार, जोशी का पत्रकारों, प्रशासनिक अधिकारियों और आम नागरिकों के साथ सहज एवं सहयोगात्मक व्यवहार रहा। सूचना विभाग और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने में भी उन्होंने योगदान दिया। पत्रकारों के साथ उनका आत्मीय संबंध उन्हें केवल विभागीय अधिकारी तक सीमित नहीं रखता था, बल्कि सहयोगी और मार्गदर्शक के रूप में भी उनकी पहचान बनी।

एनयूजे उत्तराखण्ड ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि निर्माणाधीन मीडिया सेंटर का नाम “स्वर्गीय गिरिजाशंकर जोशी मीडिया सेंटर, हल्द्वानी” रखा जाए। संगठन का कहना है कि इससे उनके कार्य और योगदान की स्मृति बनी रहेगी तथा आने वाली पीढ़ियों को उनके व्यक्तित्व से प्रेरणा मिलेगी।
वैकल्पिक तौर पर संगठन ने “स्वर्गीय गिरिजाशंकर जोशी राज्य स्तरीय पत्रकारिता एवं जनसंपर्क सम्मान” शुरू करने का सुझाव दिया है। इसके तहत प्रतिवर्ष पत्रकारिता, सूचना एवं जनसंपर्क के क्षेत्र में उत्कृष्ट, निष्पक्ष और जनहितकारी कार्य करने वाले व्यक्ति को सम्मानित किए जाने की मांग की गई है।

