पुलिस स्मृति दिवस पर हरिद्वार पुलिस ने शहीद जवानों को किया नमन, एसएसपी नवनीत सिंह ने अर्पित किया पुष्पचक्र
सूर्या संदेश
हरिद्वार। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर हरिद्वार पुलिस ने कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित कार्यक्रम में एसएसपी नवनीत सिंह सहित जनपद के पुलिस अधिकारियों ने पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद जवानों को नमन किया। इस दौरान सेरेमोनियल गार्द ने शोक सलामी दी और उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने दो मिनट का मौन धारण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम के दौरान विगत एक वर्ष में शहीद हुए पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन किया गया। इसके बाद एसएसपी नवनीत सिंह ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित किया। जनपद के अन्य पुलिस अधिकारियों ने भी पुष्पचक्र एवं पुष्प अर्पित कर शहीद जवानों के सर्वोच्च बलिदान को याद किया।
इस अवसर पर एसएसपी नवनीत सिंह ने कहा कि शहीदों का बलिदान हमें राष्ट्र सेवा और एकता सहित सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संकल्प दिलाता है। उनकी शौर्य गाथाएं आने वाली पीढ़ियों को सदैव देशभक्ति एवं कर्तव्यपरायणता के लिए प्रेरित करती रहेंगी।
कार्यक्रम के माध्यम से हरिद्वार पुलिस ने देश और समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति सम्मान व्यक्त किया।
