हरिद्वार के 41 स्कूलों में सुरक्षित बचपन अभियान, करीब 25 हजार बच्चों तक पहुंची कानूनी जागरूकता

0
सुरक्षित बचपन अभियान

Oplus_131072

31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान; पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध और बच्चों के कानूनी अधिकारों की दी जा रही जानकारी

सूर्या संदेश
हरिद्वार। बच्चों को यौन अपराधों, साइबर अपराध और उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने सुरक्षित बचपन अभियान शुरू किया है। मंगलवार को अभियान के पहले दिन जिले के 41 विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 25 हजार बच्चों को जागरूक किया गया। अभियान 26 से 31 अक्टूबर तक चरणबद्ध तरीके से चलेगा।


जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष नरेंद्र दत्त ने रानीपुर स्थित पुलिस मॉडर्न पब्लिक स्कूल में अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट और बच्चों के कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने साइबर अपराधों से बचाव और निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 और नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी भी दी।


अभियान के तहत न्यायिक अधिकारियों ने हरिद्वार, रुड़की और लक्सर क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विद्यार्थियों को जागरूक किया। प्रथम अपर जिला जज नीलम रात्रा ने राजकीय इंटर कॉलेज, सेक्टर-1 बीएचईएल; तृतीय अपर जिला जज राकेश सिंह ने गुरुकुल साइंसेज इंटर कॉलेज और पंचम अपर जिला जज अरुण बोहरा ने न्यू सेंट थॉमस एकेडमी, रोशनाबाद में कार्यक्रम किया। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एवं अपर जिला जज लक्ष्मण सिंह ने सतीकुंड, कनखल स्थित श्रीमती शकुंतला राजकीय शैक्षिक उच्च माध्यमिक विद्यालय में तथा अपर जिला जज एवं एफटीएससी चंद्रमणि राय ने एसएमएसएमवी कॉलेज, कनखल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ज्योति बाला और सिविल जज (सीनियर डिविजन) छवि बंसल ने भी विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम किए।


रुड़की क्षेत्र में अपर जिला जज अंबिका पंत और तहसील विधिक सेवा समिति की सचिव अवंतिका पंत सहित अन्य अधिकारियों ने कार्यक्रमों में भाग लिया। लक्सर क्षेत्र में अपर जिला जज सुधीर सिंह और समिति की सचिव पल्लवी ने विद्यार्थियों को जागरूक किया। सिमरनजीत कौर ने लक्सर के होली क्रॉस सीनियर सेकेंडरी स्कूल और रोशनाबाद स्थित पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में भी बच्चों को पॉक्सो एक्ट, किशोर न्याय अधिनियम और निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी दी।


पहले दिन कार्यक्रम राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पीली पड़ाव, डॉ. हरिराम आर्य इंटर कॉलेज मायापुर, निर्धन निकेतन ऋषि इंटर कॉलेज खड़खड़ी, ज्वालापुर इंटर कॉलेज, राजकीय कन्या इंटर कॉलेज ज्वालापुर, म्युनिसिपल इंटर कॉलेज ज्वालापुर, आर्य इंटर कॉलेज बहादराबाद, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज रोहालकी, पीएसी स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल, पीबी म्युनिसिपल इंटर कॉलेज हरिद्वार और अन्य विद्यालयों में भी आयोजित किए गए।


कार्यक्रमों में एसपी सदर हरिद्वार, पीएसी के डिप्टी कमांडेंट, मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित चंद्र, जिला प्रोबेशन अधिकारी, बाल कल्याण समिति के सदस्य, प्रधानाचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *