श्यामपुर में धूमधाम से निकली श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शोभायात्रा
Oplus_131072
सूर्या संदेश समाचार
श्यामपुर/लालढांग । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्यामपुर में श्रद्धा और उल्लास के साथ शोभायात्रा निकाली गई। भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण रहीं। झांकियों को देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ जुटी रही और बच्चों में खासा कौतूहल देखने को मिला।

भक्ति संगीत और डीजे की धुनों के बीच श्रद्धालु उत्साह से झूमते नजर आए। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया। इस दौरान दही-हांडी फोड़ने की रस्म भी आयोजित की गई, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
दही-हांडी फूटते ही श्रीकृष्ण के जयकारों से वातावरण गूंज उठा। बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे श्यामपुर में देर तक जन्माष्टमी की रौनक और भक्तिमय माहौल बना रहा।

