मोबाइल पर आया एक लिंक, अनजान व्यक्ति का लालच या गलत संगत… बच्चों को पुलिस ने बताए बचने के तरीके
Oplus_131072
श्यामपुर में 300 छात्र-छात्राओं से एएचटीयू टीम ने की बातचीत, मानव तस्करी, नशे और साइबर अपराध से लेकर मदद के नंबर तक समझाए
सूर्या संदेश
श्यामपुर/लालढांग। बच्चों के हाथ में मोबाइल है तो उनके सामने दुनिया की जानकारी भी है और कई तरह के खतरे भी। अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, किसी अजनबी का लालच या नशे की शुरुआत कब परेशानी खड़ी कर दे, इसका अंदाजा लगाना आसान नहीं होता। ऐसे ही खतरों से बच्चों को सावधान करने के लिए सोमवार को आदर्श इंटर कॉलेज श्यामपुर में पुलिस की टीम पहुंची। यहां करीब 300 छात्र-छात्राओं को रोजमर्रा की जिंदगी में काम आने वाली जरूरी बातें समझाई गईं।
उत्तराखंड पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) क्राइम ब्रांच के दीपक चंद और मुकेश कुमार ने छात्रों से बातचीत कर मानव तस्करी से बचाव के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि अनजान लोगों के बहकावे में आने से बचना चाहिए। किसी व्यक्ति या गतिविधि पर शक हो तो इसकी जानकारी पुलिस को देने में देरी नहीं करनी चाहिए।
नशे को लेकर छात्रों को इसके नुकसान समझाए गए। पुलिस टीम ने साइबर अपराध से बचने के लिए अनजान नंबरों से आने वाली कॉल को लेकर सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध लिंक को खोलने से बचने की सलाह दी। ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर तुरंत शिकायत करने को भी कहा गया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को ऐसे नंबर भी बताए गए, जिन्हें जरूरत के समय काम में लिया जा सकता है। पुलिस की मदद के लिए 112, साइबर अपराध की शिकायत के लिए 1930 और बच्चों की सहायता के लिए 1098 पर फोन किया जा सकता है। छात्रों से यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की गई।
प्रधानाचार्य अभिषेक पैन्यूली ने जागरूकता कार्यक्रम के लिए पुलिस टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि बच्चों को इस तरह की जरूरी जानकारी समय-समय पर मिलती रहनी चाहिए, ताकि वे खतरे को पहचान सकें और जरूरत पड़ने पर सही जगह मदद ले सकें।
कार्यक्रम में उषा चौहान, शहजाद अंसारी, जितेंद्र सिंह, मेहरबान सिंह समेत विद्यालय के शिक्षक मौजूद रहे।

