भाजपा को सत्ता में बनाए रखना समय की मांग: स्वामी यतीश्वरानंद
सूर्या संदेश,
श्यामपुर/लालढांग। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि भाजपा को सत्ता में बनाए रखना समय की मांग है। उन्होंने आगामी चुनाव में पिछले चुनाव की तुलना में दो से तीन गुना अधिक वोट मिलने की उम्मीद जताते हुए कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने नए मतदाताओं के वोट बनवाने और अधिक से अधिक लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया।

गेंडीखाता स्थित संधू पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि भाजपा उन स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने का काम कर रही है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए लाठियां खाईं, प्रताड़नाएं झेलीं, जेल गए और कुर्बानियां दीं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वह उत्तराखंड के विकास के लिए 24 घंटे काम कर रहे हैं और राज्य के क्रांतिकारियों के सपनों को साकार करने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के सही और जायज कामों के लिए वह हमेशा तैयार रहते हैं।
क्षेत्र में विकास कार्यों के श्रेय को लेकर स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि झूला पुल की स्वीकृति दिलाने के लिए उन्होंने प्रयास किए थे, लेकिन अब होर्डिंग लगाकर इसका श्रेय लेने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने मीठी बेरी में मॉडर्न डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए किए गए प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के लिए उनके प्रयासों से संबंधित दस्तावेज मौजूद हैं, जिनसे पता चल सकता है कि पहल किसने की थी। इसी संदर्भ में उन्होंने कहा, “लिखतम के आगे बक्तम नहीं चलता।”

पिछले चुनाव में मिली हार का जिक्र करते हुए स्वामी यतीश्वरानंद ने स्वीकार किया कि शायद उनकी ओर से भी कुछ कमी रह गई थी। उन्होंने कहा कि ऐसा लगा कि पार्टी कार्यकर्ता जनता तक ठीक से नहीं पहुंच पाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इस कमी को दूर करने और लोगों के बीच सक्रिय रहकर अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विक्रम चौहान, पार्षद ललित रावत, सतेंद्र चौधरी, गुरजीत सिंह संधू, विपुल पाल, जसवीर सिंह, विनोद पोखरियाल, मुख्तार चौपड़ा, सुरेश और गौरव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
